×

टी20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया का 'साइलेंट' मैच विनर, चैंपियन बनाने में निभाया अहम किरदार

 

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में एक भारतीय बल्लेबाज अंतिम ओवरों में 16 गेंदों में 27 रनों की अहम पारी खेलता है। वो 27 रन मैच में टीम इंडिया के लिए वरदान साबित होते हैं और भारतीय टीम साउथ अफ्रीका को महज 7 रनों से हराकर चैंपियन बनती है। दो साल बाद टी20 विश्व कप 2026 में भी हर बड़े और अहम मुकाबले में यह खिलाड़ी बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारतीय टीम का यह साइलेंट मैच विनर खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि शिवम दुबे हैं।

भारतीय टीम के लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भले ही शिवम दुबे के प्रदर्शन की ज्यादा चर्चा न हो रही हो, लेकिन इस विश्व कप में भी उनका योगदान बेहद अहम रहा। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में शिवम दुबे ने नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली। शिवम की यह पारी मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई थी। शिवम के दमदार प्रदर्शन ने भारतीय टीम को 253 रनों के टोटल तक पहुंचाया। 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल मुकाबले में सिर्फ 7 रनों से हारी थी। शिवम की पारी ने मैच का नतीजा तय किया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन के आउट होने के बाद ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या भी पवेलियन लौट गए थे। भारतीय टीम को अच्छे फिनिश की जरूरत थी और यह जिम्मेदारी भी शिवम दुबे ने ली। खिताबी मुकाबले में शिवम ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर भारतीय टीम 5 विकेट गंवाकर 255 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही।

सुपर-8 राउंड में भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम के बाकी बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए थे, लेकिन शिवम दुबे मुश्किल हालातों में भी क्रीज पर डटे रहे थे और उन्होने 42 रनों की अहम पारी खेली थी। शिवम की पारी के चलते ही टीम इंडिया 100 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही थी।

नीदरलैंड के खिलाफ टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वो शिवम दुबे ही थे, जिन्होंने 66 रनों की दमदार पारी खेलते हुए भारतीय टीम को 193 रनों के टोटल तक पहुंचा दिया था। टूर्नामेंट में खेले 9 मैचों में शिवम दुबे ने 169 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 235 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 5 विकेट भी चटकाए।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी