×

टी20 फॉर्मेट की तैयारी में ज्यादा समय लगता है, टेस्ट को प्राथमिकता देने की बात गलत: एडम जांपा

 

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम सवालों के घेरे में है। ऑस्ट्रेलियाई टीम पर टेस्ट क्रिकेट को ज्यादा प्राथमिकता देने के आरोप लग रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जांपा ने इन आरोपों का खंडन किया है।

जांपा ने कहा, "यह बात पूरी तरह से गलत है कि ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को ज्यादा महत्व देता है। टीम मैनेजमेंट और कोच टेस्ट की तुलना में छोटे फार्मेट पर अधिक समय देते हैं।"

दिग्गज स्पिनर ने कहा, "कोच और स्टाफ इस बात पर जितना समय लगाते हैं कि हम टी20 क्रिकेट कैसे खेलेंगे, शायद ही उतना समय टेस्ट फॉर्मेट पर देते हैं। इसकी वजह टी20 क्रिकेट का टेस्ट या वनडे फॉर्मेट से ज्यादा प्रतियोगी होना है।"

उन्होंने कहा, "फैन्स को ऑस्ट्रेलिया टीम को टी20 खेलते हुए देखने का मौका कम मिलता है। क्योंकि हम ज्यादातर मैच घर से बाहर खेलते हैं। हम गर्मियों में तीन से छह गेम खेलते हैं। हमारे अधिकांश मैच ऑस्ट्रेलिया से बाहर और विपक्षी टीम के समय के मुताबिक होते हैं। इसलिए हमारे दर्शकों को देखने को मौका नहीं मिलता कि हम कैसे खेलते हैं और विश्व कप की कैसे तैयारी करते हैं।"

जांपा ने कहा, "हमने अब तक बहुत अच्छा क्रिकेट खेला है। हां, यह निराशाजनक है कि हम विश्व कप के पहले दौर से ही बाहर हो गए।"

टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे, आयरलैंड, श्रीलंका और ओमान के साथ ग्रुप बी में रखा गया था। इस ग्रुप से जिम्बाब्वे और श्रीलंका सुपर-8 में गई हैं। ऑस्ट्रेलिया इन्हीं दोनों टीमों से हारकर विश्व कप से बाहर हो गई।

शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मैच ओमान के खिलाफ खेला और बड़ी जीत हासिल की। इस जीत के हीरो एडम जांपा ही रहे थे। जांपा ने 4 विकेट लिए थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

--आईएएनएस

पीएके