×

सूर्यवंशी पर दबाव न बनाएं, वह भारत के लिए कमाल करेगा: चमिंडा वास

 

हैदराबाद, 4 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास ने कहा है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी में एक सफल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने के सभी गुण हैं। उन्होंने कहा कि वैभव पर फैंस और विशेषज्ञों द्वारा अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। वास तेलंगाना टी20 लीग में हिस्सा लेने के लिए अभी भारत में हैं, वे पलामुरु स्ट्राइकर्स के मेंटर हैं।

चमिंडा वास ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "भारत ने पिछले कुछ सालों में लगातार विश्व-स्तरीय युवा क्रिकेटर दिए हैं। वैभव सूर्यवंशी अभी बहुत युवा हैं। एक खिलाड़ी के रूप में उसे विकसित होने का समय दिया जाए। मुझे यकीन है कि उसे इंडिया के लिए खेलने और अच्छा करने का मौका मिलेगा। वह राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बना लेगा और कमाल करेगा। बस मैं लोगों से अपील करूंगा कि उस पर दबाव न डालें।"

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2025 में पदार्पण के बाद से ही क्रिकेट की दुनिया में छाए हुए हैं। आईपीएल 2025 में दमदार शतक लगाकर चर्चा में आने के बाद वैभव ने इंडिया ए और इंडिया अंडर-19 के लिए अलग-अलग फॉर्मेट में जोरदार प्रदर्शन किया है। आईपीएल 2026 में उनके दमदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई है। वैभव ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 776 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप विजेता रहे थे।

वास ने तेलंगाना टी20 लीग (टीजी20) की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने के लिए बहुत जरूरी हैं। ऐसे टूर्नामेंट युवा क्रिकेटरों को आईपीएल और भारतीय टीम में जगह बनाने का मौका देते हैं।

उन्होंने कहा, "हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन का पहला तेलंगाना टी20 आयोजित करना युवाओं के लिए अच्छा है। सभी टीमों में बहुत क्षमता है। अगर पलामुरु स्ट्राइकर्स की बात करें, तो काफी युवा क्रिकेटर आगे बढ़ रहे हैं। मैं उनके प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। एक टीम के तौर पर हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन कुछ लोग बहुत अच्छा स्ट्राइक कर रहे हैं।"

देश भर के दूसरे घरेलू टी20 प्रतियोगिता से टीजी20 की तुलना के सवाल पर, वास ने कहा कि भारत के क्रिकेटिंग इकोसिस्टम राज्य स्तर पर नियमित प्रतियोगिता के मौके सुनिश्चित करके युवा खिलाड़ियों को विकसित करने के लिए एक मानक स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "भारतीय क्रिकेट ने युवाओं के लिए बहुत अच्छा काम किया है। हैदराबाद में ही नहीं, मुझे लगता है कि हर राज्य में वे एक टी20 टूर्नामेंट आयोजित करते हैं। इतना एक्सपोजर, इतना मौका, साथ ही आईपीएल में जाने का अनुभव देते हैं। इसी तरह ज्यादातर क्रिकेटर आगे बढ़े हैं।"

--आईएएनएस

पीएके