☰
×

'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी: नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी आर्यन कुमार

 

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'फिट इंडिया अभियान' के तहत प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के 96वें संस्करण का आयोजन नई दिल्ली में किया गया। राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी आर्यन कुमार ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने 'संडे ऑन साइकिल' को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अहम बताया।

आर्यन कुमार ने इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह हमारी सरकार की एक बहुत ही शानदार पहल है। एक एथलीट के तौर पर मुझे पता है कि आपकी रोजमर्रा की जिंदगी में शारीरिक गतिविधि कितनी जरूरी है। भले ही आप पेशेवर रूप से नहीं खेल रहे हों, लेकिन शारीरिक गतिविधि आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। 'संडे ऑन साइकिल' एक बहुत अच्छी पहल है। मुझे लगता है कि यह रोमांचक है, यह नया है, और यह लोगों को सुबह अपने घरों से बाहर निकाल रहा है।"

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। युवाओं के अलावा सीनियर आयु वर्ग के लोग भी उपस्थित थे। साइकिलिंग के अलावा युवा फिटनेस के लिए डांस का अभ्यास करते हुए भी नजर आए।

संडे ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय खेल और युवा कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने की थी। उसी समय से प्रत्येक रविवार को इस कार्यक्रम का आयोजन न सिर्फ दिल्ली में, बल्कि देश के अनेक हिस्सों में होता है।

संडे ऑन साइकिल अभियान का उद्देश्य लोगों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है और लोगों को साइकिलिंग के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के माध्यम से सरकार मोटापे के खिलाफ भी अभियान चला रही है। यह अभियान पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी अहम है। साइकिल चलाने से ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण शुद्ध रहता है। इसके साथ ही सरकार इस कार्यक्रम से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़कर उन्हें नशे से मुक्त करने के मिशन पर भी काम कर रही है।

--आईएएनएस

पीएके