एसआरएच का अपने घर में बैटिंग से दबदबा उनकी सबसे बड़ी ताकत है: सहवाग
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की जबरदस्त बैटिंग अप्रोच की जमकर तारीफ की है। सहवाग का कहना है कि एसआरएच की सबसे बड़ी ताकत घर में उनकी बल्लेबाजी का दबदबा है।
शुक्रवार को एसआरएच ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 255 रन बनाए। टीम की ओर से ईशान किशन ने 46 गेंदों पर 79 रनों की दमदार पारी खेली, तो अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 56 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रनों का योगदान दिया। जवाब में, 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी।
एसआरएच के घरेलू मैदान पर दबदबे का विश्लेषण करते हुए सहवाग ने कहा कि पहली पारी में मुश्किल टोटल बनाने की उनकी काबिलियत उनका सबसे बड़ा हथियार बन गई है। सहवाग ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "एसआरएच का अपने घर में बैटिंग का दबदबा उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जब वे टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो अपनी बेस्ट फॉर्म में होते हैं। उन्होंने लगातार 230 से 240 रन बनाए हैं। इस तरह का टोटल चेज करने वाली टीम पर तुरंत प्रेशर पड़ता है। आरसीबी के खिलाफ वे और भी ऊपर गए और 255 रन बनाए। इससे पहले ही ओवर से रनों का पीछा करना बहुत मुश्किल हो गया। आरसीबी टारगेट का पीछा करने के इरादे से उतरी थी, लेकिन सभी जानते थे कि अगर पावरप्ले उनके पक्ष में नहीं गया, तो मैच एसआरएच के कंट्रोल में होगा।"
आरसीबी ने वेंकटेश अय्यर की 19 गेंदों पर 44 रन की तेज तर्रार पारी के साथ आक्रामक शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले के बाद अय्यर, विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के विकेट ने मैच को हैदराबाद के पक्ष में मोड़ दिया। सहवाग ने आगे कहा, "और ठीक यही हुआ। पावरप्ले खत्म होने के बाद जब आरसीबी ने विकेट गंवाए, तो जरूरी रन रेट बढ़ता गया और मैच हाथ से निकल गया। सपाट पिचों पर, बड़ा टोटल बनाना और फिर स्कोरबोर्ड के दबाव को बाकी काम करने देना एसआरएच का अपने घर में सिग्नेचर मूव बन गया है।”
--आईएएनएस
एसएम/एएस