×

स्क्वैश: एसआरएफआई पीएसए चैलेंजर टूर्नामेंट में शमीना और सेमवाल ने बड़े उलटफेर किए

 

मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। एसआरएफआई पीएसए चैलेंजर स्क्वैश टूर्नामेंट में भारत की शमीना रियाज और ओम सेमवाल ने बड़े उलटफेर किए। मुंबई के जुहू विले पार्ले जिमखाना क्लब (जेवीपीजी) में जारी 15,000 डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में शमीना ने साउथ अफ्रीका की टॉप सीड हेली वार्ड को चार गेम में हराया, जबकि सेमवाल ने ब्राजील के तीसरे सीड डिएगो गोब्बी को शिकस्त दी।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में, तीसरी सीड तन्वी खन्ना ने पूजा आरती रघु को 3-0 से मात दी, जबकि सोमवार रात पांचवीं सीड सूरज कुमार चंद को मिस्र के जियाद इब्राहिम से तीन गेम में हार का सामना करना पड़ा।

एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में आखिरी जगह बनाने वाली बेटी शमीना ने पहला गेम हारने के बाद वापसी की। पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान मोहम्मद रियाज की बेटी शमीना साउथ अफ्रीका की टॉप सीड हेली वार्ड के खिलाफ मजबूती से खेलीं। हेली ने शमीना की लय बिगाड़ने के लिए हर तरह की चाल चली, लेकिन चेन्नई की 20 वर्षीय खिलाड़ी ने मुश्किल हालात में 8-11, 11-9, 11-9, 11-9 से जीत हासिल की।

शमीना का मुकाबला जापान की छठी सीड अकारी मिडोरिकावा से होगा, जिन्होंने कोरियाई प्रतिद्वंद्वी बो राम रयू को सीधे गेम में हराया। 'हेड-टू-हेड' रिकॉर्ड 1-1 होने के कारण बुधवार को एक दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है।

दूसरी ओर, 22 वर्षीय सेमवाल के लिए गोब्बी के खिलाफ मुकाबला काफी मुश्किल था। गोब्बी टूर के सबसे तेज और फिट खिलाड़ियों में से एक हैं। सेमवाल ने यह मैच 6-11, 11-6, 11-9, 9-11, 11-9 से अपने नाम किया। अब सेमवाल का मुकाबला मिस्र के 8वें सीड जियाद इब्राहिम से होगा, जिन्होंने भारत के 5वें सीड सूरज कुमार चंद को 11-4, 11-6, 11-5 से हराया था।

परिणाम:

मेंस सिंगल्स (दूसरा दौर)

9/16- सलाह एल्टोर्गमैन (मिस्र) ने अल्टामिमी को 3-0 (11-4, 11-2, 11-1) से हराया।

9/16- एम सयाफिक कमाल (मलेशिया) ने विक्टर बायर्टस (चेक गणराज्य) को 3-0 (11-6, 11-7, 11-7) से मात दी।

ओम सेमवाल (भारत) ने डिएगो गोब्बी (ब्राजील) को 3-2 (6-11, 11-6, 11-9, 9-11, 11-9) से हराया।

जियाद इब्राहिम (मिस्र) ने सूरज कुमार चंद (भारत) को 3-0 (11-4, 11-6, 11-5) से शिकस्त दी।

मेंस सिंगल्स (दूसरा दौर)

9/16- शमीना रियाज (भारत) ने हेले वार्ड (साउथ अफ्रीका) को 3-1 (8-11, 11-9, 11-9, 11-9) से हराया।

अकारी मिदोरिकावा (जापान) ने बो राम रयू (साउथ कोरिया) को 3-0 (11-9, 11-2, 11-9) से मात दी।

जो फू (जापान) ने रथिका सुथंथिरा सीलन (भारत) को 3-1 (7-11, 11-6, 11-2, 11-3) से हराया।

तन्वी खन्ना (भारत) ने पूजा आरती रघु (भारत) को 3-0 (11-5, 11-6, 11-6) से शिकस्त दी।

--आईएएनएस

आरएसजी