'स्पिन के जादूगर' शेन वॉर्न का रहा विवादों से नाता, बीच वर्ल्ड कप लौटना पड़ा था घर
नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। शेन वॉर्न, क्रिकेट की दुनिया का एक ऐसा नाम, जिनका अपना एक इतिहास है। वॉर्न के पास अपनी घूमती गेंदों पर दुनियाभर के बल्लेबाजों को नचाने का हुनर था। टेस्ट क्रिकेट में वॉर्न 700 विकेट के जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले गेंदबाज रहे। 4 जून 1993 को मैनचेस्टर के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्न के हाथ से वो मैजिकल गेंद निकली, जो हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। हालांकि, क्रिकेट मैदान के साथ-साथ वॉर्न बाहरी दुनिया में भी खूब सुर्खियों में रहे। वॉर्न का हमेशा ही विवादों से नाता रहा।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत हुई थी। ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से भिड़ना था। हालांकि, इस मुकाबले से चंद घंटों पहले एक खबर आई, जिसने वर्ल्ड क्रिकेट को हिला दिया। ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज शेन वॉर्न का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव पाया गया और उन्हें विश्व कप छोड़कर तुरंत घर लौटने को कह दिया गया। वॉर्न का यह आखिरी एकदिवसीय विश्व कप था और इस बात का वह पहले ही ऐलान कर चुके थे। वॉर्न ने इस बात को खुद कबूला था। वॉर्न ने बताया था कि उनकी मां ने उन्हें वजन घटाने की दवाई दी थी, जिसका वह सेवन कर रहे थे।
शेन वॉर्न ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी तो रहे, लेकिन कभी कप्तान नहीं बन पाए। वॉर्न एक समय पर ऑस्ट्रेलिया टीम के उपकप्तान थे और उन्हें कप्तानी सौंपे जाने पर विचार भी किया जा रहा था। हालांकि, वॉर्न ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसके बाद कप्तानी तो छोड़िए उपकप्तानी भी उनसे छीन ली गई। दरअसल, वॉर्न ने इंग्लैंड की एक नर्स को अश्लील संदेश भेजे थे और इस बात का खुलासा होने के बाद वॉर्न को उपकप्तान के पद से हटा दिया गया था।
क्रिकेट करियर के दौरान वॉर्न का नाम कई लड़कियों से जोड़ा गया। वॉर्न पर आरोप लगे कि शादीशुदा होने के बावजूद भी उन्होंने कई लड़कियों को एक साथ डेट किया। वॉर्न के इस बर्ताव के चलते उनकी पहली पत्नी सिमोन कैलाहन ने उन्हें तलाक दे दिया था और वह बच्चों को लेकर घर लौट गई थीं।
साल 2013 में शेन वॉर्न ने हॉलीवुड स्टार लिज हर्ले से सगाई की और उम्मीद जताई जा रही थी कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे। हालांकि, लिज के साथ रिलेशनशिप में होने के बावजूद वॉर्न एक पॉर्न स्टार को भी डेट कर रहे थे। इस बात का खुलासा होने के बाद वॉर्न और लिज हर्ले का रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका था।
शेन वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कुल 145 टेस्ट मैच खेले और 708 विकेट चटकाए। वॉर्न ने अपने टेस्ट करियर में 37 बार एक पारी में 5 विकेट लिए। वहीं, 194 वनडे मुकाबलों में वॉर्न ने 293 विकेट निकाले। वॉर्न का निधन 4 मार्च 2022 को थाईलैंड में रहस्यमयी तरीके से हुआ।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी