×

सिंगापुर ओपन: जीत के साथ पीवी सिंधु, सात्विक-चिराग के अभियान की शुरुआत

 

सिंगापुर, 26 मई (आईएएनएस)। सिंगापुर ओपन में मंगलवार को भारत की सीनियर खिलाड़ी पीवी सिंधु और पुरुषों की डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अगले दौर में जगह बना ली है।

2 बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने विमेंस सिंगल्स में इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी को 21-17, 21-18 से शिकस्त दी, जबकि सात्विक-चिराग ने मेंस डबल्स में चेन झी यी और प्रेस्ली स्मिथ को 26-28, 21-15, 21-13 से हराया।

2022 संस्करण की चैंपियन सिंधु ने 5वीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी को सीधे गेम में हराकर अपने हेड-टू-हेड रिकॉर्ड को 3-3 से बराबर कर लिया। भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती गेम में चार अंकों की बढ़त के साथ नियंत्रण बना लिया था। हालांकि, उन्हें कुछ समय के लिए झटका लगा, लेकिन 2020 टोक्यो ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सिंधु ने जल्द वापसी करते हुए 16-16 से बराबरी करने के बाद लगातार 5 अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

सिंधु-कुसुमा के बीच दूसरे गेम में हर अंक के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें सिंधु ने अहम मौकों पर बढ़त बनाते हुए अंततः सीधे गेम में मैच जीत लिया। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला जापान की रिको गुंजी से होगा।

वहीं, मेंस डबल्स में, वर्ल्ड नंबर-4 जोड़ी सात्विक-चिराग ने कड़े मुकाबले में 7 गेम प्वाइंट्स बचाने के बावजूद शुरुआती गेम गंवा दिया। भारतीय जोड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया और फिर तीसरे गेम में अपना दबदबा बनाते हुए 21-13 से जीत हासिल की। ​​राउंड ऑफ 16 में भारतीय जोड़ी का मुकाबला चीनी ताइपे के ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन की जोड़ी से होगा।

मेंस सिंगल्स में, आयुष शेट्टी ने विक्टर लाई के खिलाफ कड़ा मुकाबला किया। पहला गेम 21-11 से आसानी से जीतने के बाद, भारतीय खिलाड़ी अपनी उसी लय को बरकरार नहीं रख सके और अगले गेमों को 14-21, 12-21 से गंवा दिया। पहले दिन मैदान में उतरे अन्य भारतीय दल भी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों से हार का सामना करना पड़ा।

--आईएएनएस

आरएसजी