☰
×

सिलहट टेस्ट: आमिर जंगू का शतक, वेस्टइंडीज की पहली पारी 356 रन पर सिमटी

 

सिलहट, 6 नवंबर (आईएएनएस)। सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन वेस्टइंडीज की पहली पारी 356 रन पर सिमटी। वेस्टइंडीज के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज आमिर जंगू ने शतक लगाया। टीम को 356 रन तक पहुंचाने में आमिर जंगू का अहम योगदान रहा।

पांचवें नंबर पर आए इस बल्लेबाज ने 212 गेंदों पर 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 133 रन की पारी खेली। आमिर ने केविन विकम के साथ चौथे विकेट के लिए 131 रन की अहम साझेदारी की। विकम ने 145 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 61 रन बनाए।

इसके अलावा, जस्टिन ग्रिव्स ने 51, जोशुआ बिशप ने 23, और जोमेल वर्रिकन ने नाबाद 27 रन बनाए। वेस्टइंडीज के आखिरी 2 विकेटों ने 55 रन जोड़े।

बांग्लादेश की तरफ से हसन महमूद ने 24 ओवर में 90 रन देकर 6 विकेट लिए। तस्कीन अहमद ने 2 और मेहदी हसन मिराज ने 2 विकेट लिए।

रिपोर्ट लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 11 ओवर में 22 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। तंजीद हसन 16 और नईम हसन 5 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान शांतो 1 और तोहिद ह्रदोय शून्य पर नाबाद हैं।

बांग्लादेश को दिन के शुरुआत में एक बड़ा झटका भी लगा है। टीम के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम को टखने में चोट के कारण मैदान से बाहर होना पड़ा। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा।

शादमान इस्लाम को फील्डिंग करते समय इंजरी हुई। उनका टखना मुड़ा गया। दर्द की वजह से वह तुरंत मैदान पर गिर पड़े और कई मिनट तक तड़पते रहे। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। शादमान को एमआरआई स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। यह घटना वेस्टइंडीज की पारी के 78वें ओवर में हुई जब आमिर जंगू ने मेहदी हसन मिराज की गेंद को फाइन लेग की तरफ धकेला। शादमान ने स्लिप से गेंद का पीछा किया, लेकिन जब उन्होंने गेंद उठाने की कोशिश की, तो वह फिसल गए और गिरते समय उनका टखना मुड़ गया।

शादमान टेस्ट मैच के बारी हिस्से के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं, इस पर फिलहाल कोई स्पष्टता नहीं है। अगर शादमान बाहर होते हैं, तो बांग्लादेश को बाकी मैच सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना होगा।

--आईएएनएस

पीएके