☰
×

सीरीज जीतने के बाद अर्शदीप बोले- अगर मुझे 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़े, तो भी मजा आता है

 

माउंट माउंगानुई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को बे-ओवल में खेले गए पांचवें वनडे मैच को 22 रन से जीतकर सरीज 3-1 से अपने नाम की। 11वें नंबर पर आकर 14 रन बनाने और फिर 3 विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह ने बल्लेबाजी क्रम में सबसे आखिर में उतरने पर कोई शिकायत नहीं है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें बल्लेबाजी का जो भी मौका मिलता है, उसका पूरा लुत्फ उठाते हैं।

अर्शदीप ने 4 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के शामिल थे। यह पारी तब आई जब भारत के पास कुछ ही ओवर बचे थे। उनकी इस छोटी लेकिन अहम पारी की मदद से भारत 209 रन तक पहुंच सका। यह स्कोर काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ, क्योंकि भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रनों से हराकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली।

'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने जाने के बाद अर्शदीप ने कहा, "मुझे अपनी बल्लेबाजी पसंद है। अगर 11वें नंबर पर भी बल्लेबाजी करनी पड़े, तो भी मजा आता है। मैं हमेशा अपने लिए स्पेस बनाने और जोर से शॉट मारने की कोशिश करता हूं। हालांकि, टीम के कुछ लोग कहते हैं कि मुझे गेंद से डर लगता है, लेकिन मैं ऐसा नहीं मानता। मैं खुद स्पेस बनाता हूं।"

अर्शदीप ने यह भी बताया कि मोहम्मद सिराज के साथ आखिरी विकेट के लिए 26 रनों की साझेदारी कितनी अहम थी, यह बात उन्हें मैदान से बाहर आने के बाद समझ आई। अर्शदीप ने कहा, "हां, जब हमारी बल्लेबाजी खत्म हुई, तब भी हमने इस बारे में बात की थी। सिराज ने मुझसे कहा कि ये रन बहुत अहम साबित होंगे। हमने यह सुनिश्चित किया कि हम 200 रनों के पार पहुंचें। हमारे दिमाग में यह बात थी कि हमने एक छोटा-सा पड़ाव पार कर लिया है और अब बचाव के लिए कुछ रन हैं।"

10 ओवरों में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल करने वाले अर्शदीप ने बताया कि जब न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जल्दी आउट नहीं हो रहे थे, तब भी गेंदबाजों ने अपना धैर्य बनाए रखा। उन्होंने कहा, "हम लगातार दबाव बनाते रहे और अपनी गेंदबाजी में काफी अनुशासित रहे। भले ही हमें तुरंत नतीजे नहीं मिल रहे थे या विकेट नहीं मिल रहे थे, फिर भी हमने अपना अनुशासन नहीं छोड़ा। हम लगातार सही जगह पर गेंदबाजी करते रहे, जिसका हमें आखिरकार फल मिला और हां, हम जीत गए।"

मैदान के बाहर, अर्शदीप ने माउंट माउंगानुई बीच पर गर्लफ्रेंड समरीन कौर से सगाई कर ली। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टनर हमेशा उनके लिए एक मजबूत सहारा रही हैं।

उन्होंने कहा, "ईश्वर मुझ पर बहुत मेहरबान रहे हैं। मुझे एक बहुत अच्छी पार्टनर मिली है। वह मुझे बहुत सपोर्ट करती हैं और हमेशा सही माइंडसेट बनाए रखने में मेरी मदद करती हैं। इसलिए, इसका काफी श्रेय उन्हें भी जाता है; मैदान पर मेरा प्रदर्शन इस बात पर बहुत निर्भर करता है कि मैं मैदान के बाहर किस तरह काम कर रहा हूं। यह सब बहुत रोमांचक रहा है और मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। सगाई के लिए इससे बेहतर नजारा और क्या हो सकता था। मैं काफी तनाव में था, लेकिन इस नजारे ने मदद की और अब बहुत अच्छा लग रहा है।"

--आईएएनएस

आरएसजी