सानिया मिर्जा ने बिली जीन किंग कप के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं
नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला टेनिस टीम आने वाले बिली जीन किंग कप एशिया/ओशिनिया ग्रुप (आई) इवेंट में तिरंगा लहराने को तैयार है। दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने टीम से टूर्नामेंट में अपना शत प्रतिशत देने को कहा है।
भारत 2026 बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) एशिया/ओशिनिया ग्रुप (आई) इवेंट की मेजबानी कर रहा है। इवेंट 7 से 11 अप्रैल तक नई दिल्ली के डीएलटीए स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच से पहले, सानिया मिर्जा ने टीम के समर्थन में खास संदेश साझा किया।
तीन बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने कहा, "बिली जीन किंग कप के लिए भारतीय टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। टूर्नामेंट कुछ ही दिनों में शुरू हो रहा है और हमारे शानदार देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ा गर्व, सबसे बड़ा सम्मान है और मुझे उम्मीद है कि आप सभी लड़कियां अच्छा करेंगी, अपना श्रेष्ठ देंगी, अपना सौ प्रतिशत देंगी। हम सब आपके लिए दुआ कर रहे हैं।"
अक्सर महिला टेनिस का विश्व कप कहे जाने वाले इस टूर्नामेंट में छह देश राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबला करेंगे, जिसमें टॉप दो टीमों को नवंबर 2026 में होने वाले बिली जीन किंग कप प्ले-ऑफ में प्रमोशन मिलेगा।
मेजबान भारत के अलावा, एशिया/ओशिनिया ग्रुप (आई) में हिस्सा लेने वाली दूसरी टीमें इंडोनेशिया, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, मंगोलिया, न्यूजीलैंड और थाईलैंड हैं।
भारत पिछले साल के बिली जीन किंग कप एशिया और ओशिनिया ग्रुप आई क्वालिफायर में शानदार नतीजे देने के बाद मोमेंटम बनाने के मकसद से इस कॉम्पिटिशन में उतरा था, जहां उन्होंने हांगकांग, चीनी ताइपे, थाईलैंड और रिपब्लिक ऑफ कोरिया पर 2-1 से जीत हासिल की।
इस साल न्यूजीलैंड, इंडोनेशिया और मंगोलिया भी मुकाबले में हैं, इसलिए भारत अपने विश्व ग्रुप के सपने को जिंदा रखने के लिए टॉप-2 में जगह बनाने की कोशिश करेगा। जैसे-जैसे टीम क्वालिफायर की ओर बढ़ रही है, फोकस प्रदर्शन पर और तीसरी बार विश्व ग्रुप में वापसी की दिशा में एक अहम कदम उठाने पर बना हुआ है।
एशिया/ओशिनिया ग्रुप आई इवेंट, गेनब्रिज के बिली जीन किंग कप के चौथे टियर का हिस्सा है, जिसमें रीजनल ग्रुप आई कॉम्पिटिशन एक ही सप्ताह में यूरोप/अफ्रीका और अमेरिका में एक साथ होंगे।
दुनिया भर में क्षेत्रिय ग्रुप आई इवेंट्स से कुल सात टीमें प्ले-ऑफ में पहुंचेंगी, जहां उनका सामना बिली जीन किंग कप क्वालिफायर की सात हारने वाली टीमों से होगा। टूर्नामेंट सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में होगा, जिसमें सभी टीमें पांच दिन के कॉम्पिटिशन में एक-दूसरे का सामना करेंगी।
भारतीय टीम में अंकिता रैना, सहजा यमलापल्ली, वैष्णवी अडकर, श्रीवल्ली भामिदिपति, रुतुजा भोसले और वैदेही चौधरी शामिल हैं।
--आईएएनएस
पीएके