☰
×

Sandpaper Scandal: बैनक्रॉफ्ट के नए खुलासे से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल, पैट कमिंस बोले- 8 साल से नहीं बदला मेरा बयान

 

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का चर्चित सैंडपेपर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। कैमरन बैनक्रॉफ्ट के नए खुलासे के बाद टेस्ट कप्तान पैट कमिंस पर सवाल उठने लगे हैं। बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि 2018 के बॉल टैम्परिंग विवाद की जानकारी पूरी टीम को थी। हालांकि, कमिंस अपने पुराने बयान पर कायम हैं। उनके एजेंट नील मैक्सवेल ने गुरुवार को कहा कि कमिंस का रुख पिछले आठ साल से नहीं बदला है और उनका कहना है कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी नहीं थी।

यह विवाद 2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान सामने आया था। उस मैच में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की सतह खुरचते हुए कैमरे में पकड़ा गया था। इसके बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ ने कप्तानी छोड़ दी थी। बैनक्रॉफ्ट और डेविड वॉर्नर पर भी कार्रवाई हुई थी।

उस्मान ख्वाजा की किताब से दोबारा उठा विवाद

करीब आठ साल पुराने इस मामले ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में फिर हलचल तब पैदा की, जब पूर्व क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की बायोग्राफी 'सब्र' सामने आई। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया था कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को बॉल टैम्परिंग की जानकारी थी।

इसके बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने बुधवार शाम एक लेख लिखकर ख्वाजा के दावों का समर्थन किया। उन्होंने पोर्ट एलिजाबेथ और केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की घटनाओं और टीम के सदस्यों की जानकारी को लेकर कई बातें सामने रखीं।

बैनक्रॉफ्ट का यह लेख क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की ओर से मामले की जांच के लिए स्वतंत्र फोरम बनाने की घोषणा के कुछ घंटे बाद आया।

कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बैनक्रॉफ्ट ने जताई नाराजगी

बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में पिछले शुक्रवार को सिडनी में हुई पैट कमिंस की 68 मिनट लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी जिक्र किया। इस दौरान कमिंस ने ख्वाजा के दावों को '100% गलत' बताया था। उन्होंने कहा था कि इस तरह के आरोप लोगों की जिंदगी के साथ लापरवाही करने जैसे हैं।

कमिंस की प्रतिक्रिया पर बैनक्रॉफ्ट ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'कमिंस की बातें सुनकर मुझे गुस्सा आया, मैंने खुद को ठगा हुआ और अकेला महसूस किया।'

बैनक्रॉफ्ट ने 2021 में 'द गार्जियन' को दिए अपने इंटरव्यू का भी हवाला दिया। उस समय उन्होंने कहा था कि गेंदबाजों को इस योजना की जानकारी होना स्वाभाविक है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के चार प्रमुख गेंदबाजों ने संयुक्त बयान जारी कर उनके दावे का खंडन किया था।

बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, उस बयान के बाद उन्हें दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला।

कमिंस के एजेंट बोले- आठ साल से एक ही बात कह रहे हैं

नए खुलासों के बाद पैट कमिंस के एजेंट नील मैक्सवेल ने Cricinfo से बातचीत में उनका बचाव किया। मैक्सवेल ने कहा कि कमिंस का रुख पिछले आठ साल से एक जैसा है। उन्हें बैनक्रॉफ्ट के लिए दुख है, क्योंकि उन्हें उस दौर में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।

मैक्सवेल ने लोगों से कमिंस का पिछले सप्ताह का इंटरव्यू दोबारा पढ़ने की अपील की। उनके मुताबिक, कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर सवाल का जवाब दिया था।

उन्होंने यह भी कहा कि केपटाउन टेस्ट के समय 24 साल के कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को बेहतर बनाने का संकल्प लिया था और पिछले आठ वर्षों से इसी दिशा में काम कर रहे हैं।

जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने नए खुलासों पर कोई बयान नहीं दिया है। वहीं, मिचेल स्टार्क पहले ही कह चुके हैं कि 2021 में गेंदबाजों की ओर से जारी संयुक्त बयान में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

बैनक्रॉफ्ट ने गेंदबाजों और विकेटकीपर से बातचीत का किया जिक्र

अपने लेख में बैनक्रॉफ्ट ने गेंद की रिवर्स स्विंग और उसे बेहतर करने के प्रयासों को लेकर गेंदबाजों और तत्कालीन विकेटकीपर टिम पेन से हुई बातचीत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन बातचीतों को लेकर बाद के वर्षों में उन्हें परेशानी हुई।

हालांकि, बैनक्रॉफ्ट ने गेंद के रिवर्स स्विंग होने की जानकारी, गेंद से छेड़छाड़ का शक और सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी होने के बीच अंतर भी बताया।

उनके मुताबिक, सपोर्ट स्टाफ में केवल मीडिया मैनेजर केट हचिसन ने इस योजना को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने तत्कालीन हेड कोच डैरेन लेहमैन और बॉलिंग कोच डेविड सेकर के बातचीत के दौरान मौजूद रहने की बात भी कही।

वहीं, डैरेन लेहमैन ने कहा है कि वे अगले कुछ दिनों में सामने आए आरोपों को समझेंगे और उन पर विचार करेंगे।

पीटर हैंड्सकॉम्ब ने कमेंट्री से बनाई दूरी, CA ने दिया बयान

बैनक्रॉफ्ट ने बताया कि केपटाउन टेस्ट के दौरान रिजर्व खिलाड़ी पीटर हैंड्सकॉम्ब मैदान पर आए थे और उन्हें जानकारी दी थी कि वे कैमरे पर पकड़े जा चुके हैं। इसके बाद हैंड्सकॉम्ब और रेडियो नेटवर्क SEN ने आपसी सहमति से उनकी कमेंट्री रोकने का फैसला लिया।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा कि कमिंस को क्लीन चिट देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि 2018 से उनका बयान एक जैसा रहा है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी बैनक्रॉफ्ट के बयान पर प्रतिक्रिया दी। बोर्ड ने कहा कि वह कैमरन बैनक्रॉफ्ट की ओर से अपनी बात रखे जाने का सम्मान करता है। 2018 की घटनाओं के कई पहलू हो सकते हैं, इसलिए मामले की पड़ताल के लिए स्वतंत्र फोरम बनाया गया है। बोर्ड के मुताबिक, जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अब इस मामले में स्वतंत्र फोरम की जांच पर सबकी नजर है। इससे यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि 2018 के सैंडपेपर विवाद के दौरान टीम के अलग-अलग सदस्यों को कितनी जानकारी थी।