×

साई सुदर्शन का शतक, इंडिया ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ पहले दिन 4 विकेट पर 333 रन बनाए

 

गाले, 25 जून (आईएएनएस)। भारत ए और श्रीलंका ए के बीच गाले में पहला अनाधिकारिक टेस्ट मैच (4 दिवसीय) खेला जा रहा है। पहला दिन भारतीय टीम के नाम रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने ओपनर साई सुदर्शन की शतकीय पारी की बदौलत पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 333 रन बना लिए हैं और बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।

भारतीय टीम की तरफ से पारी की शुरुआत के लिए साई सुदर्शन और आयुष पांडे आए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसी स्कोर पर पांडे 25 रन बनाकर आउट हुए।

सुदर्शन ने आईपीएल 2026 की अपनी फॉर्म बरकरार रखी और बेहतरीन शतक लगाया। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज 175 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 132 रन की पारी खेलकर चौथे विकेट के रूप में आउट हुआ। इस दौरान सुदर्शन ने तीसरे विकेट के लिए ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 85 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ 22 रन बनाकर आउट हुए। देवदत्त पड्डिकल 12 रन बनाकर आउट हुए।

पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय कप्तान ध्रुव जुरेल और शेख रशीद क्रीज पर जमे हुए थे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हो चुकी है। जुरेल 138 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 68 और रशीद 92 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर खेल रहे हैं। पहले दिन 86 ओवर का खेल हुआ। दूसरे दिन जब खेल शुरू होगा, तो इन दोनों बल्लेबाजों पर टीम को बड़े और सुरक्षित स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।

श्रीलंका की तरफ से बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा दिन के सफल गेंदबाज रहे। सुदीरा ने 29 ओवर गेंदबाजी की और 98 रन देकर 2 विकेट लिए। चामिका गुणसेकरा और रविन्दु फर्नांडो को 1-1 विकेट मिला।

--आईएएनएस

पीएके