×

रोवमैन पॉवेल बने वेस्टइंडीज के नए 'सिक्सर किंग', टी20 में तोड़ा निकोलस पूरन का रिकॉर्ड

 

कोलकाता, 1 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ हो रही है। ईडन गार्डन्स के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। रोवमैन पॉवेल ने शानदार बैटिंग करते हुए अंतिम ओवरों में 19 गेंदों में 34 रनों की नाबाद पारी खेली। पॉवेल ने अपनी इस पारी में 2 छक्के लगाने के साथ ही इतिहास रच दिया।

रोवमैन पॉवेल वेस्टइंडीज की तरफ से टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। भारत के खिलाफ 34 रनों की नाबाद पारी के दौरान पॉवेल ने 2 छक्के लगाते हुए निकोलस पूरन के रिकॉर्ड को तोड़ा। पॉवेल टी20 में अब 150 छक्के लगा चुके हैं, वहीं पूरन ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 149 छक्के लगाए हैं।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत शानदार रही। कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने मिलकर पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। होप 33 गेंदों का सामना करने के बाद 32 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। वहीं, चेज ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 25 गेंदों में 40 रनों की दमदार पारी खेली। चेज ने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया।

शिमरोन हेटमायर ने 12 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे। शेरफेन रदरफोर्ड 9 गेंदों में सिर्फ 14 रन ही बना सके। हालांकि, रदरफोर्ड के आउट होने के बाद रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रनों की अहम साझेदारी निभाई। पॉवेल 19 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि होल्डर ने 22 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 37 रन बनाए।

गेंदबाजी में भारतीय टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 36 रन देकर दो विकेट निकाले। वहीं, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाया। अर्शदीप सिंह काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 43 रन खर्च किए।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी