रियान पराग की क्षमता को देखते हुए उन्हें कप्तान बनाया गया: कुमार संगाकारा
जयपुर, 19 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने कहा कि फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2026 सीजन से पहले टीम के कई हिस्सों को मजबूत करने पर काम किया है, जिसमें बल्लेबाजी में गहराई और स्पिन गेंदबाजी विभाग में ज्यादा विकल्प तलाशना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रियान को कप्तान बनाने का फैसला उनकी क्षमता को देखकर लिया गया है।
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें सीजन में सिर्फ 4 मैच ही जीत सकी थी, जबकि 10 मुकाबलों में राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान ने 9वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले अपने सभी स्पिनरों को रिलीज करने के बाद राजस्थान को रवि बिश्नोई के रूप में एक भरोसेमंद भारतीय स्पिनर मिला है। इसके साथ ही ट्रेड डील के जरिए ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन भी टीम में शामिल हुए हैं।
कुमार संगाकारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'आईएएनएस' से कहा, "हमें अपनी स्किल्स को थोड़ा और बेहतर करने की जरूरत थी, जिसमें बल्लेबाजी में गहराई, स्पिन गेंदबाजी, ऑलराउंडर और गेंदबाजी विभाग में ज्यादा विकल्प शामिल हैं। इन सभी विभागों पर हमने काम करने की कोशिश की है। ट्रेड और नीलामी में कुछ खिलाड़ियों को खरीदने से हम स्पिन विभाग को मजबूत करने में कामयाब रहे। भारतीय स्पिनर्स को टीम में शामिल करने के बाद अब हम विदेशी बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के रूप में अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर सकेंगे। हमने उन कई चीजों पर काम किया है जिन पर हम काम करना चाहते थे।
श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि अब सारा ध्यान चीजों को अमल करने पर है। उन्होंने कहा, "लेकिन फिर भी, हम सभी पहलुओं को कवर कर सकते हैं, सब कुछ कर सकते हैं, लेकिन अब असली मेहनत का काम शुरू होता है, जहां हम सभी को एक साथ लाने की कोशिश करते हैं, एक-दूसरे पर सच में भरोसा करते हैं, और फिर विरोधी टीम के खिलाफ खेलने के लिए अच्छी तरह से तैयारी करते हैं। आखिरकार, असली परीक्षा तो मैदान पर ही होती है और रणनीति की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करते हैं।"
संगाकारा ने आगे कहा, "आप सिर्फ नतीजों पर ध्यान नहीं दे सकते और सिर्फ नतीजों से ही अपनी काबिलियत साबित नहीं कर सकते। खिलाड़ियों के सीजन बहुत अच्छे या बुरे हो सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वे बुरे खिलाड़ी हैं, क्योंकि खिलाड़ियों को चुनने का असली मकसद ही यह होता है कि हम मानते हैं कि वे सबसे अच्छे हैं। सिर्फ मानना ही नहीं, आंकड़े भी दिखाते हैं कि वे सबसे अच्छे हैं। मैं चाहता हूं कि वे एक-दूसरे के साथ शानदार समय बिताएं, आईपीएल के उतार-चढ़ावों का सच में मजा लें और एक समय में सिर्फ खेल खेलने पर ध्यान दें। मुझे लगता है कि जब आप चीजों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर समझने की कोशिश करते हैं, तो नतीजे अपने आप आते हैं और हमें उम्मीद है कि अब नतीजे पहले के मुकाबले ज्यादा हमारे पक्ष में होंगे।"
रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स का नया कप्तान नियुक्त करने पर संगाकारा ने कहा कि यह फैसला रियान की क्षमता को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के खेमे में कप्तान चुनने से पहले इस बात पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं हुई कि खिलाड़ी भारत के किस हिस्से से है। उन्होंने कहा, "बात तो बस यह थी कि कप्तानी और टीम का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही व्यक्ति कौन है। मैं रियान से तब मिला था जब वह किशोर था और वह सच में बहुत काबिल हैं। उन्होंने बहुत कुछ देखा है और बहुत कुछ सहा है।"
संगाकारा ने रियान की तारीफ करते हुए कहा, "मेरे लिए सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि वह अब बहुत सोच-समझकर फैसले लेने लगे हैं और पहले से ज्यादा परिपक्व हो गए हैं। एक क्रिकेटर के रूप में मैं हमेशा उनकी तारीफ करता आया हूं। जब लोग उस पर भरोसा नहीं करते थे, तब भी मुझे उनमें बड़ी ऊंचाई तक पहुंचने की क्षमता दिखती थी। हालांकि, इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि अब मैं उन्हें एक इंसान के तौर पर भी बहुत सम्मान देने लगा हूं। हमें जब नया कप्तान चुनना था और संजू ने टीम छोड़ने का फैसला किया, तब हमें हर विकल्प को ध्यान से देखना पड़ा। हमने कुछ खिलाड़ियों की सूची बनाई और एक कड़ा इंटरव्यू प्रोसेस रखा। यह आसान नहीं था और रियान भी यह बात जानते हैं।"
संगाकारा ने कहा, "यह बात पूरी तरह साफ हो गई कि राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनने के लिए रियान ही सबसे सही खिलाड़ी हैं। इस फैसले से हम बहुत खुश थे। सबसे खास बात यह है कि टीम, कोच और पूरी फ्रेंचाइजी के सभी लोग इस फैसले से पूरी तरह सहमत हैं और इसका 100 प्रतिशत समर्थन कर रहे हैं। सभी का मानना है कि रियान पराग ही टीम की कप्तानी करने के लिए सबसे सही विकल्प हैं।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी