×

ऋचा घोष ने भारतीय टीम की तरफ से पांचवां सबसे तेज अर्धशतक लगाया

 

लॉर्ड्स, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारतीय टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। घोष टेस्ट क्रिकेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तरफ से पांचवी सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।

ऋचा घोष ने रविवार को भारतीय टीम की दूसरी पारी के दौरान शानदार अर्धशतक लगाया। ऋचा घोष 52 गेंदों पर 8 चौके की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद रहीं।

घोष का ये अर्धशतक भारतीय महिला टीम की तरफ से लगाया पांचवां सबसे तेज अर्धशतक है। ऋचा ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड बेहतर किया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 2024 में चेन्नई में 54 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।

टेस्ट क्रिकेट में भारतीय महिला टीम के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड संगीता दबीर के नाम है। उन्होंने 1995 में कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ हुए टेस्ट में मात्र 42 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।

दूसरे नंबर पर शुभा सतीश हैं। शुभा ने 2023 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ हुए टेस्ट में 49 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। तीसरा और चौथा तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है। मंधाना ने लॉर्ड्स में खेले जा रहे इसी टेस्ट में 50 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। 2021 में मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।

लॉर्ड्स की बात करें, तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने पहली पारी में 285 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पहली पारी 170 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 341 रन बनाकर घोषित की है और पहली पारी में मिले 115 रन की बढ़त के आधार पर इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रन का विशाल लक्ष्य दिया है।

--आईएएनएस

पीएके