×

आरसीबी ने जीता आईपीएल 2026 का खिताब, विराट कोहली ने छक्का लगाकर टीम को बनाया चैंपियन, 5 विकेट से हारी जीटी

 

अहमदाबाद, 31 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीत लिया है। आरसीबी ने फाइनल में गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता। विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की पारी खेलकर आरसीबी को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। विराट ने छक्का लगाकर टीम को चैंपियन बनाया। 17 साल तक आईपीएल खिताब का इंतजार करने वाली आरसीबी का यह लगातार दूसरा खिताब है। आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। दोनों मौकों पर रजत पाटीदार ही टीम के कप्तान रहे।

आरसीबी को आईपीएल 2026 का चैंपियन बनने के लिए जीटी ने 156 रन का लक्ष्य दिया था।

वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने आरसीबी को तेज शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 62 रन की साझेदारी की। अय्यर 16 गेंदों पर 2 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) का विकेट जल्दी-जल्दी गिरा। 62 पर 1 विकेट वाली आरसीबी ने 89 पर 3 विकेट गंवा दिए थे।

विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे। चौथे विकेट के लिए कोहली ने टिम डेविड के साथ 41 रन की अहम साझेदारी की। डेविड 17 गेंदों पर 24 रन की अहम पारी खेलकर आउट हुए। विराट कोहली अब भी क्रीज पर मौजूद रहे। 25 गेंदों पर विराट ने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह विराट का आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक था। विराट ने 42 गेंदों पर 3 छक्कों और 9 चौकों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेलकर आरसीबी को 5 विकेट से जीत दिलाने और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। कोहली ने 18वें वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर आरसीबी को चैंपियन बनाया। कोहली के साथ जितेश शर्मा 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाकर खिताब जीता।

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (जीटी) 8 विकेट पर 155 रन बना सकी थी। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुजरात सलामी बल्लेबाज कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस अहम मैच में फ्लॉप रहे। सुदर्शन 12 और गिल 10 रन बनाकर आउट हुए।

जीटी की तरफ से वाशिंगटन सुंदर एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे। सुंदर ने 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेली। इसके अलावा, निशांत सिंधु 20, जोस बटलर 19, और अरशद खान 15 रन बनाकर आउट हुए।

आरसीबी गेंदबाजों ने बेहतरीन और कसी हुई गेंदबाजी की और जीटी के बल्लेबाजों को कभी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रसिख सलाम डार ने 4 ओवर में 27 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए। जोश हेजलवुड ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2, भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2, और क्रुणाल पांड्या ने 4 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट लिए थे।

--आईएएनएस

पीएके