पिंक बॉल टेस्ट: एनाबेल सदरलैंड का शानदार प्रदर्शन, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराया
पर्थ, 8 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को वाका के मैदान पर खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 10 विकेट से हराया। भारतीय टीम से मिले 25 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 4.3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। जॉर्जिया वॉल 16 और फोएबे लिचफील्ड 11 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इससे पहले दूसरी पारी में भारत की पूरी टीम महज 149 रन बनाकर ऑलआउट हुई। भारतीय टीम ने पिंक बॉल टेस्ट के तीसरे दिन अपने बचे हुए 4 विकेट सिर्फ 44 रन जोड़कर गंवाए। दूसरी पारी में भारत की ओर से प्रतीका रावल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, स्नेह राणा ने 30 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इनके अलावा टीम की अन्य बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी अटैक के आगे आसानी से घुटने टेक दिए। मंधाना 2 रन बनाकर आउट हुईं तो शेफाली वर्मा 5 रन ही बना सकीं।
पहली पारी में अर्धशतक लगाने वालीं जेमिमा रोड्रिग्स दूसरी इनिंग में महज 14 रन ही बना पाईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर 19 गेंदों का सामना करने के बाद 11 रन ही बना सकीं। दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन दूसरी पारी में भी निराशाजनक रहा और वह 9 रन बनाकर आउट हुईं। ऋचा घोष बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। काश्वी गौतम, सयाली सतघरे और क्रांति गौड़ भी बल्ले से कुछ खास योगदान नहीं दे सकीं। काश्वी बिना खाता खोले आउट हुईं, तो सयाली ने 3 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में लूसी हैमिल्टन ने दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, एनाबेल सदरलैंड, अलाना किंग और एश्ले गार्डनर ने दो-दो विकेट चटकाए। इससे पहले, पहली पारी में भारत की पूरी टीम 198 रन बनाकर सिमटी थी। टीम की तरफ से जेमिमा रोड्रिग्स ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। भारत के 198 रनों के जवाब में एनाबेल सदरलैंड की 129 रनों की लाजवाब पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया 323 रन बनाने में सफल रही थी।
सदरलैंड के अलावा एलिसा पेरी ने भी 76 रनों का योगदान दिया। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ने 125 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी। बल्लेबाजी में 129 रनों की लाजवाब पारी और मैच में कुल 6 विकेट निकालने वालीं सदरलैंड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उल्लेखनीय है कि एकमात्र टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था। वहीं, भारतीय टीम ने टी20 सीरीज को 2-1 से जीता था।
--आईएएनएस
एसएम/पीयूष