☰
×

Pat Cummins on Sandpapergate: उस्मान ख्वाजा के आरोपों पर भड़के पैट कमिंस, बोले- यह पूरी तरह बकवास है

 

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 के चर्चित सैंडपेपर बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में दावा किया है कि गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी केवल डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरून बैंक्रॉफ्ट को ही नहीं थी, बल्कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद अन्य खिलाड़ियों को भी इसकी जानकारी थी। अब ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

कमिंस ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर ख्वाजा का मतलब यह है कि टीम के सभी खिलाड़ियों को मैदान पर सैंडपेपर से गेंद के साथ छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी थी, तो यह दावा पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि वह पिछले आठ साल से लगातार यही बात कहते आ रहे हैं।

पैट कमिंस ने आरोपों को बताया बकवास

उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा इसी सप्ताह प्रकाशित हुई है। इसमें उन्होंने 2018 के सैंडपेपरगेट मामले की दोबारा जांच शुरू करने की बात कही है। उनके बयान के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है।

पैट कमिंस ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी गतिविधि की जानकारी नहीं थी। उन्होंने ख्वाजा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कहना कि वह और टीम के दूसरे खिलाड़ी सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की घटना में शामिल थे, बिल्कुल बकवास है।

गौरतलब है कि 2018 में विवाद सामने आने के बाद भी कमिंस ने खुद को इस मामले से अलग बताया था। हालांकि, ख्वाजा के हालिया दावों और डेविड वॉर्नर के उनके समर्थन में सामने आने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की उस समय की जांच और उसकी विश्वसनीयता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

क्या था 2018 का सैंडपेपरगेट विवाद?

यह विवाद मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान सामने आया था। मैच के दौरान कैमरून बैंक्रॉफ्ट को सैंडपेपर के जरिए गेंद की स्थिति से छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में देखा गया था।

उस समय स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान और डेविड वॉर्नर उपकप्तान थे। जांच के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ और वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया था। वहीं, बैंक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था।

इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को बड़ा झटका दिया था। इसके बाद टीम के भीतर खिलाड़ियों की भूमिका और घटना की जानकारी किस-किस को थी, इस पर लंबे समय तक चर्चा होती रही।

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं ख्वाजा

उस्मान ख्वाजा ने इसी साल जनवरी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। उनका करियर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सफल रहा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 88 टेस्ट मैच खेले और 6,229 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 16 शतक और 28 अर्धशतक निकले।

अब उनकी आत्मकथा में किए गए दावों ने आठ साल पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। आने वाले दिनों में इस मामले पर ऑस्ट्रेलिया के अन्य पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया भी अहम हो सकती है।