×

पैरा-एशियाई खेल (भाला फेंक) : सुंदर ने जीता रजत, रिंकू को कांस्य

 

भाला फेंक एथलीट सुंदर सिंह गुर्जर ने गुरुवार को पैरा-एशियाई खेलों में भारत को रजत पदक दिलाया। इसी स्पर्धा में रिंकू को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुषों के एफ-46 वर्ग में सुंदर ने अपने पांचवें प्रयास में 61.33 मीटर की दूरी तय करते हुए रजत पदक जीता जबकि रिंकू ने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 60.92 मीटर की दूरी फेंक कर कांस्य पदक हासिल किया।

हालांकि इसी स्पर्धा में दो बार के पैरालम्पिक चैम्पियन देवेंद्र झाझरिया निराशाजनक प्रदर्शन के साथ चौथे स्थान पर रहे।

श्रीलंका के दिनेश हेराथ ने एशियाई रिकॉर्ड तोड़ते हुए 61.84 मीटर दूरी नापकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पुरुषों के 400 मीटर टी-13 वर्ग में अव्निल कुमार ने 52 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। इसी स्पर्धा में ईरान के ओमिड जरीफसाययेई ने स्वर्ण और थाईलैंड के सोंगवुत लामसन ने रजत पदक अपने नाम किया।

न्यूज स्त्रोत आईएएनएस