×

वनडे कप: तनवीर सांघा के लिए खिताबी मैच से हटे एडम जांपा, जानिए वजह

 

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। तस्मानिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच 11 मार्च को वनडे कप का फाइनल खेला जाना है। लेग स्पिनर तनवीर सांघा प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बनाए रख सकें, इसके लिए एडम जांपा ने न्यू साउथ वेल्स की ओर से खिताबी मैच में तस्मानिया के खिलाफ न खेलने का फैसला किया है। सांघा इस टूर्नामेंट में फिलहाल सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने 7 मुकाबलों में 18 विकेट निकाले हैं।

एडम जांपा के लिए यह सीजन थोड़ा अलग रहा। ऑस्ट्रेलिया के टी20 वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर होने और फाइनल का शेड्यूल भारत की महिला टीम के खिलाफ सीरीज से टकराने के कारण बदलने के बाद, जांपा उन व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों में शामिल थे जो दोनों टीमों के लिए उपलब्ध थे। जांपा इस मैच में खेलना चाहते थे, लेकिन जब यह स्पष्ट हो गया कि होबार्ट की परिस्थितियां दो लेग स्पिनर्स के लिए अनुकूल नहीं होंगी, तो उन्होंने खुद ही टीम से हटने का फैसला कर लिया।

एडम जांपा ने इस सीजन में न्यू साउथ वेल्स के लिए सिर्फ एक मैच खेला है, जिसमें तनवीर सांघा के साथ मिलकर गेंदबाजी की थी। सांघा 11 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 18.05 की औसत के साथ 18 विकेट हासिल कर चुके हैं।

न्यू साउथ वेल्स के चीफ परफॉर्मेंस ऑफिसर ग्रेग मेल ने 'ईएसपीएनक्रिकिन्फो' को बताया, "शुरुआत में स्थिति यह थी कि एडम उपलब्ध थे और खेलना भी चाहते थे। हमारी बातचीत हुई और वह हमेशा इस बात का ध्यान रखते हैं कि जब हमारे लिए उपलब्ध होते हैं, तो उसका तनवीर के खेलने पर क्या असर पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि चूंकि तनवीर इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और अभी भी अपनी गेंदबाजी को बेहतर बना रहे हैं, इसलिए वह नहीं चाहते कि उनके चयन या उपलब्धता की वजह से तनवीर को टीम से बाहर बैठना पड़े। इससे हम भी सहमत थे।"

उन्होंने कहा, "तो फिर सवाल यह उठा कि क्या बेलेरिव में होने वाला डे-नाइट मैच दो लेग स्पिनर्स को खिलाने का सही समय है? हमने पिछले कुछ वर्षों में कुछ मुकाबलों में उन्हें एक साथ उतारा है। जब हमने यह फैसला किया कि यह सही नहीं होगा, तो जांपा ने असल में खुद को अलग कर लिया, ताकि तनवीर का खेलना सुनिश्चित हो सके।"

न्यू साउथ वेल्स की टीम: कर्टिस पैटरसन (कप्तान), सीन एबॉट, जोएल डेविस, बेन ड्वार्शियस, मैथ्यू गिल्क्स, क्रिस ग्रीन, रयान हैडली, लियाम हैचर, सैम कोंस्टास, जोश फिलिप, विलियम साल्जमैन, लाचलान शॉ, तनवीर सांघा।

--आईएएनएस

आरएसजी