न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका: चोट के चलते टी20 सीरीज से बाहर हुए जॉर्डन हरमन
हैमिल्टन, 17 मार्च (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज जॉर्डन हरमन न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। हरमन हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते अब वह बचे हुए 4 टी20 मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
रविवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले मैच में ही जॉर्डन हरमन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। इस मुकाबले में फील्डिंग करते हुए हरमन चोटिल हो गए थे और मुकाबले में आगे हिस्सा ले सके थे। हरमन के स्कैन में ग्रेड टू टियर की पुष्टि हुई है। हालांकि, प्रोटियाज टीम ने अभी तक हरमन के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' के जरिए इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, "जॉर्डन हरमन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बाकी मैच से दाईं हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर हो गए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज को यह चोट रविवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में अपने डेब्यू मैच में फील्डिंग करते समय लगी और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। हरमन बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरे थे। बाद में स्कैन से ग्रेड टू टियर की पुष्टि हुई है। रिप्लेसमेंट के लिए किसी का नाम नहीं लिया गया है।"
पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन शानदार रहा था। केशव महाराज की कप्तानी में प्रोटियाज टीम ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम सिर्फ 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। नकोबानी मोकोएना ने अपने डेब्यू मैच में ही बेहतरीन बॉलिंग करते हुए 3.3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे, जबकि गेराल्ड कोएत्जी ने 14 रन देकर 2 विकेट निकाले थे।
वहीं, कप्तान केशव महाराज ने भी 25 रन देकर 2 विकेट झटके थे। 92 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 3 विकेट खोकर 16.4 ओवर में हासिल कर लिया था। टीम की ओर से कॉनर एस्टरहुइजन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 45 रन नाबाद रहे थे। डियान फॉरेस्टर ने भी 16 रनों का योगदान दिया था और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे थे।
--आईएएनएस
एसएम/एएस