मेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा भारत, जानिए कैसा रहा है सफर
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन पंजाब में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच होगा, जिसमें आठ संस्करणों में पांच खिताब जीतकर मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष टीम अपना छठा खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
जालंधर और मोहाली में खेले जाने वाले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के नौवें संस्करण में भारत इस साल की शुरुआत में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक सफलतापूर्वक बचाने के बाद अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश करेगा।
साल 2011 में पहले संस्करण को जीतने के बाद से, भारत ने अलग-अलग परिस्थितियों में महाद्वीपीय खिताब जीता है, जिसमें शूटआउट में जीत, फाइनल में करीबी जीत, संयुक्त चैंपियनशिप और घरेलू मैदान पर मलेशिया के खिलाफ वापसी शामिल हैं।
भारत ने चीन के ओर्डोस में खेले गए पहले संस्करण को अपने नाम किया था, जहां फाइनल में उनसे अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को शूटआउट में 4-2 से हराया। रेगुलेशन समय में फाइनल गोल-रहित रहने के बाद यह जीत मिली थी। इस जीत ने भारत को टूर्नामेंट का पहला चैंपियन बनाया, जिसमें छह टीमें शामिल थीं।
पांच साल बाद, भारत ने मलेशिया के कुआंटन में साल 2016 के फाइनल में पाकिस्तान को 3-2 से मात देकर अपना दूसरा खिताब जीता। हालांकि, ओमान के मस्कट में 2018 के संस्करण का नतीजा अलग रहा। भारत और पाकिस्तान फाइनल में पहुंचे, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका, जिसके परिणामस्वरूप दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। संयुक्त खिताब के साथ भारत के खिताबों की संख्या तीन हो गईं।
साल 2023 में भारत चौथी बार विजेता बना। चेन्नई में खेले गए फाइनल में भारत ने मलेशिया के खिलाफ हाफ-टाइम में 1-3 से पिछड़ने के बाद वापसी करते 4-3 से जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने अपना चौथा खिताब जीता और इस टूर्नामेंट की सबसे सफल देश बना।
साल 2024 में भारत ने चीन के हुलुनबुइर में अपना रिकॉर्ड और बेहतर किया। मोकी हॉकी ट्रेनिंग बेस पर भारत ने मेजबान देश के खिलाफ 1-0 की जीत दर्ज की थी।
--आईएएनएस
आरएसजी