मणिपुर सरकार ने फीफा विश्व कप फाइनल के लिए स्कूल-कॉलेज में छुट्टी की घोषणा की
इंफाल, 19 जुलाई (आईएएनएस)। मणिपुर सरकार ने सोमवार, 20 जुलाई को राज्य भर के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है। राज्य सरकार ने यह घोषणा फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल को देखते हुए की है। स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फाइनल मुकाबला सोमवार को भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (एएम) से शुरू होगा।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, मणिपुर के राज्यपाल ने बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन, मणिपुर, काउंसिल ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन, मणिपुर, सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन और अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्ड से संबद्ध सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
यह आदेश राज्य भर में सरकारी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त क्षेत्रों के कॉलेजों, उच्च शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों पर भी लागू होता है। अधिसूचना में कहा गया है कि यह निर्णय इसलिए लिया गया ताकि पूरे मणिपुर के छात्र फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल आराम से देख सकें।
मणिपुर से पहले केरल सरकार ने भी सोमवार को राज्य में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन के निर्देश के बाद अवकाश का ऐलान किया गया। राज्य के छात्रों ने सोशल मीडिया पर सोमवार को छुट्टी की मांग की थी।
सरकार ने अवकाश का फैसला, इसलिए ताकि छात्र देर रात तक स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला फीफा विश्व कप फाइनल आराम से देख सकें और उन्हें अगली सुबह कक्षाओं में उपस्थित होने की चिंता न रहे।
सरकार के इस निर्णय के तहत जनरल एजुकेशन डिपार्टमेंट के सभी स्कूलों और हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा प्रोफेशनल संस्थानों में अवकाश रहेगा। सरकार का मानना है कि विश्व कप फाइनल जैसे बड़े खेल आयोजन को देखने का अवसर छात्रों के लिए भी खास होता है और इसे ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।
फीफा विश्व कप फाइनल को लेकर पूरे केरल में जबरदस्त उत्साह है। सार्वजनिक व्यूइंग सेंटर, बड़ी एलईडी स्क्रीन और विशेष आयोजनों के बीच लाखों फुटबॉल प्रेमी अपनी पसंदीदा टीम का समर्थन करने के लिए तैयार हैं। खेल के प्रति इसी गहरे लगाव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि केरल में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की संस्कृति और जुनून का अहम हिस्सा है।
--आईएएनएस
पीएके