☰
×

मैं क्विंटन को रिलीज कर दूंगा: एमआई में एक भारतीय विकेटकीपर को चाहते हैं अभिनव मुकुंद

 

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की 17 नवंबर की समय-सीमा नजदीक आने के बीच, भारत के पूर्व क्रिकेटर अभिनव मुकुंद ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को टीम संयोजन के लिए अहम सलाह दी है। मुकुंद का मानना है कि फ्रेंचाइजी को एक भारतीय विकेटकीपर को टीम में लाते हुए क्विंटन डी कॉक को रिलीज कर देना चाहिए।

खबरों के अनुसार, आईपीएल 2027 की नीलामी (जो 16 दिसंबर को होनी है) और खिलाड़ियों को रिटेन करने की प्रक्रिया से पहले, मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को सौंप सकती है और बदले में अर्शदीप सिंह को अपनी टीम में शामिल कर सकती है।

पंजाब किंग्स से अर्शदीप के आने से मुंबई इंडियंस (एमआई) की तेज गेंदबाजी लाइन-अप और मजबूत हो जाएगी, जिसमें पहले से ही जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और ट्रेंट बोल्ट शामिल हैं। लेकिन, आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले ईशान किशन को रिलीज किए जाने के बाद से, एमआई के पास अब कोई अनुभवी भारतीय विकेटकीपर नहीं है। उनके पास क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन के रूप में दो विदेशी विकेटकीपर हैं, साथ ही रॉबिन मिंज भी हैं, जो अभी तक आईपीएल में नहीं खेले हैं।

मुकुंद ने जियोस्टार से कहा, "अगर हार्दिक किसी दूसरी टीम में जाते हैं, तो यह सभी पक्षों के लिए फायदेमंद सौदा होगा। जहां तक मुंबई इंडियंस की बात है, तो मेरे हिसाब से उनकी टीम में बस एक भारतीय विकेटकीपर की कमी थी। यह उनके लिए एक बड़ी कमी थी, क्योंकि उन्हें अपने टॉप-7 बल्लेबाजों में रयान रिकेल्टन या क्विंटन डी कॉक में से किसी एक को खिलाना ही पड़ता था। मुझे पता है कि रिकेल्टन शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन इससे तिलक वर्मा को नीचे के क्रम में खेलना पड़ता है। साथ ही, इससे आपके पास शेरफेन रदरफोर्ड और विल जैक्स दोनों को एक साथ खिलाने का विकल्प भी नहीं बचता। इसलिए, चार विदेशी खिलाड़ियों के कोटे में एक विदेशी स्पिनर और एक विदेशी विकेटकीपर को फिट करना काफी उलझन भरा काम था। क्या हार्दिक पांड्या के बाहर जाने से समस्या हल हो जाएगी?"

एमआई ने आईपीएल 2026 की नीलामी में डिकॉक को उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन पिछले सीजन में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और वे सिर्फ तीन मैच ही खेल पाए, क्योंकि एमआई ने अपनी पहली पसंद के विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में रिक्लटन को चुना था।

उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि उन्हें बहुत महंगी कीमत पर नहीं खरीदा गया था, लेकिन मैं क्विंटन डिकॉक को सिर्फ इसलिए रिलीज कर दूंगा ताकि विदेशी खिलाड़ियों के कोटे में जगह खाली हो सके, और अगर आपको किसी और खिलाड़ी की जरूरत पड़े तो आप उसे ले सकें। यानी, अगर आपको किसी ऐसे खिलाड़ी की जरूरत हो जो विकेटकीपर-ओपनिंग बल्लेबाज न हो, तो आपके पास एक जगह खाली रहेगी। इसके अलावा, यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि हार्दिक के ट्रेड में कौन आता है। इसलिए, अगर उस आधार पर आपको किसी अतिरिक्त विदेशी खिलाड़ी के लिए जगह चाहिए, तो मैं उन्हें रिलीज कर दूंगा।"

--आईएएनएस

आरएसजी