×

'मैं किसी को भी हरा सकता हूं', सीडब्ल्यूजी 2026 में 'गोल्डन पंच', अब यूरोपियन चैंपियनशिप में आइजैक को दमदार प्रदर्शन का भरोसा

 

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज आइजैक ओकोह इस साल के शानदार प्रदर्शन के दम पर आत्मविश्वास से भरपूर हैं। अब उनकी नजरें यूरोपीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर टिकी हैं।

भले ही वर्ल्ड चैंपियनशिप में आइजैक ओकोह का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन इस साल 90 किलोग्राम कैटेगरी में कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड मेडल जीतकर शानदार वापसी की। अब वह सोफिया में जारी यूरोपियन चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे।

ओकोह रविवार को पहले राउंड के मुकाबले में पोलैंड के एलेक्सी सेवोस्त्यानोव के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे। 'स्काई स्पोर्ट्स' के अनुसार, ओकोह ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि मैं इस समय दुनिया में किसी को भी हरा सकता हूं। मुझे हराने के लिए एक बहुत अच्छे फाइटर की जरूरत होगी। इस भारवर्ग में कई बेहतरीन प्रतिस्पर्धी हैं। मैं भी उन्हीं के स्तर पर हूं और गोल्ड मेडल जीतने की असली दावेदारी में हूं। मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं। मुझे इस टूर्नामेंट में किसी के भी खिलाफ अपनी जीत की उम्मीद है।"

उन्होंने परिवार और दोस्तों के साथ खुशी के पल साझा करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने को एक सपना सच होने जैसा बताया। ओकोह ने कहा, "यह एक सपना सच होने जैसा है। जब आप पहली बार बॉक्सिंग शुरू करते हैं, तो कॉमनवेल्थ गेम्स उन टूर्नामेंट्स में से एक होता है, जिनमें जाने का आप सपना देखते हैं और फिर जाहिर है, घर के पास ही दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में गोल्ड मेडल जीतना गर्व का पल होता है। इससे भविष्य के लिए आत्मविश्वास बढ़ता है, क्योंकि ओलंपिक क्वालीफायर जल्द ही होने वाले हैं और ओलंपिक में दो साल का समय बचा है। वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद से मैं शानदार बॉक्सिंग कर रहा हूं। मुझे पता था कि मुझे ऐसा करना है। मैं बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं।"

ओकोह ने कॉमनेवल्थ गेम्स को अपने देश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यूरोपियन चैंपियनशिप के लिए भी इंग्लैंड की टीम मजबूत है। उन्होंने कहा, "हमारी टीम बहुत अच्छी है। कॉमनवेल्थ गेम्स से लौटने पर हमारा मेडल टैली शानदार रहा, जो लंबे समय में सबसे अच्छे नतीजों में से एक था। अभी हमारे पास एक बेहतरीन टीम है - काफी प्रतिभा, युवा, नई और कुछ कर गुजरने की चाहत रखने वाली। इसलिए कैंप में माहौल बहुत अच्छा है और सबका हौसला बुलंद है। यह एक शानदार टीम है और ऐसे लोगों के साथ रहना बहुत अच्छा लगता है।"

--आईएएनएस

आरएसजी