×

एक ओर फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा, दूसरी तरफ हाथ आए मौके भुना रहे सूर्यवंशी

 

नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में लंबे समय से फैंस की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर उनके नए जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी ने हाथ आए मौके को बखूबी भुनाया।

अभिषेक शर्मा ने इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 23 पारियां खेली हैं, जिसमें सिर्फ पांच बार अर्धशतक पूरा कर सके। वहीं, 6 बार खाता तक नहीं खोल सके। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान अभिषेक लगातार तीन मुकाबलों में 'शून्य' पर आउट हुए थे।

अभिषेक शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के 5 मुकाबलों में 26.20 की औसत के साथ 131 रन ही बना सके। इस दौरान 59, 43, 10, 16 और 3 रन की पारियां खेलीं। जिम्बाब्वे दौरे पर उनका प्रदर्शन और भी खराब रहा। एक ओर उनके जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी ने इस 'गोल्डन चांस' को भुनाते हुए दो अर्धशतक लगा दिए, तो दूसरी तरफ अभिषेक हरारे में खेले गए तीन मुकाबलों में 3.67 की खराब औसत के साथ सिर्फ 11 रन जुटा सके। सीरीज के पहले मैच में 1 रन बनाने वाले अभिषेक अगले दो मुकाबलों में 8 और 2 रन अपने खाते में जोड़ सके।

दूसरी तरफ, 15 साल और 99 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करते हुए इतिहास रचने वाले वैभव सूर्यवंशी ने भले ही इंग्लैंड दौरे पर मिले तीन मौकों में 14, 13 और 15 रन जुटाए, लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे के दौरे पर उन्होंने अपने चयन को सही साबित कर दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच में 19 गेंदों का सामना करते हुए 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 50 रन बनाए। दूसरे मैच में वैभव ने 20 रन टीम के खाते में जोड़े और फिर अगले मैच में फिर से अर्धशतक लगा दिया।

वैभव ने सीरीज के तीसरे मैच में 49 गेंदों में 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 81 रन की पारी खेली। इसी के साथ वैभव 16 साल की उम्र से पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो बार अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। वैभव सीरीज के तीसरे मुकाबले के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए। इसी के साथ उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' खिताब से भी नवाजा गया।

वैभव अपनी काबिलियत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू से पहले ही साबित कर चुके थे। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 14 साल और 32 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मैच में वैभव ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 175 रन जड़े थे। 80 गेंदों की इस पारी में वैभव के बल्ले से 15 छक्के और इतने ही चौके निकले। वैभव की इस शानदार पारी के साथ भारत ने फाइनल मैच में इंग्लैंड को 100 रन से रौंदकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले के 'प्लेयर ऑफ द मैच' वैभव 7 मुकाबलों में 62.71 की औसत के साथ 439 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुने गए।

आईपीएल 2026 के 16 मुकाबलों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से गदर मचाने वाले वैभव ने सीजन में सर्वाधिक 776 रन बनाए। ऑरेंज कैप के साथ वैभव ने मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन , सुपर सिक्सर ऑफ द सीजन (72 छक्के) और सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन (237.31) का खिताब अपने नाम किया।

निडर बल्लेबाजी, शॉट्स की विविधता, दबाव में प्रदर्शन और तेजी से सीखने की क्षमता वैभव को खास बनाती है। हालांकि, इसके लिए उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में निरंतर प्रदर्शन के साथ फिटनेस और शारीरिक मजबूती बनाए रखनी होगी।

वैभव को टीम इंडिया के भविष्य का सितारा इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि उनमें कम उम्र में ही वे गुण दिखाई दे रहे हैं जो बड़े खिलाड़ियों को अलग बनाते हैं। हालांकि, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि वह निश्चित रूप से सुपरस्टार बनेंगे। अगर उनका विकास सही दिशा में जारी रहता है, तो उनके पास भारतीय क्रिकेट के अहम खिलाड़ी बनने की मजबूत संभावना है।

--आईएएनएस

आरएसजी