×

महिला एशिया कप: पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने पर क्या बोले भारतीय टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार?

 

दुबई, 30 अगस्त (आईएएनएस)। महिला एशिया कप 2026 में रविवार का दिन क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक होने वाला है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय महिला टीम और थाइलैंड के बीच मुकाबला होने वाला है। हालांकि, टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का इंतजार है। दोनों देशों के बीच मुकाबला 5 सितंबर को होना है।

भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से आपसी रिश्ते सहज नहीं हैं। अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद क्रिकेट के मैदान पर भी दोनों देशों के बीच दूरियां साफ दिखी हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के कप्तान और टीम (पुरुष और महिला) एक दूसरे के साथ हाथ नहीं मिलाते। एशिया कप 2026 में क्या यह सिलसिला कायम रहेगा या टूटेगा। इसे लेकर फैंस के मन में सवाल है।

पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच के दौरान क्या भारतीय टीम पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएगी? इस सवाल का जवाब थाइलैंड के साथ होने वाले मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम के कोच अमोल मजूमदार ने दिया।

उन्होंने कहा, "देखिए, हम मैदान पर सबसे अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं, और मैदान के बाहर की चीजों पर हम ध्यान नहीं देते। हम उस दिन सबसे अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं, और जब हम वह मैच खेलेंगे तो इस बारे में बात करेंगे। लेकिन अभी, थाइलैंड के खिलाफ मैच पर ध्यान दे रहे हैं।"

थाइलैंड ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की है। अपने पहले मैच में थाइलैंड ने हांगकांग को 6 रन से हराया था। भारतीय टीम का टूर्नामेंट में यह पहला मैच है और निश्चित रूप से थाइलैंड के खिलाफ टीम सावधान रहेगी।

थाइलैंड के खिलाफ मैच से जुड़े सवाल पर मजूमदार ने कहा, "हमें टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत पर फोकस करना होगा। हम आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास करेंगे।"

भारतीय टीम का हाल में टी20 फॉर्मेट में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इस पर मजूमदार ने कहा, "हम फॉर्म पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। आप पिछले छह महीनों में टी20 हमारे प्रदर्शन पर बात कर रहे हैं। हम जानते हैं कि इस टीम में सुधार की बहुत गुंजाइश है। टीम में युवा खिलाड़ी हैं। हम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं।"