×

कुलदीप मैच विनर खिलाड़ी हैं, वह जल्द वापसी करेंगे: डेविड मिलर

 

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर ने आलोचनाओं का सामना कर रहे स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव का बचाव किया है। मिलर का कहना है कि कुलदीप एक मैच विनर खिलाड़ी हैं और टीम के लिए उनकी लगातार मौजूदगी बेहद जरूरी है।

डेविड मिलर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा कि कुलदीप की क्षमता पर कोई शक नहीं है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं और एक-दो खराब मुकाबलों के आधार पर किसी खिलाड़ी को आंकना सही नहीं है। कुलदीप का फॉर्म इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।

बाएं हाथ के स्पिनर ने 10.4 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए हैं और वह सिर्फ 7 विकेट ही निकाल सके हैं। 5 मुकाबलों में कुलदीप एक भी विकेट नहीं चटका सके हैं। इसके बावजूद डेविड मिलर ने भरोसा जताया कि कुलदीप जल्द ही वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि कुलदीप हमेशा अच्छी तैयारी करते हैं और हर मैच में अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं। मिलर के मुताबिक, ऐसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।

मिलर ने यह भी कहा कि वह खुद पहले कुलदीप के खिलाफ खेल चुके हैं और जानते हैं कि उन्हें खेलना कितना मुश्किल होता है। इसलिए वह मानते हैं कि जब ऐसा गेंदबाज फॉर्म में होता है, तो वह किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने टीम के माहौल पर भी बात की और कहा कि हर खिलाड़ी को अच्छे और बुरे दोनों समय को स्वीकार करना चाहिए। किसी भी खिलाड़ी से हर मैच में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती।

मिलर ने माना कि इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की फील्डिंग उम्मीद से कमजोर रही है और कई आसान मौके टीम ने गंवाए हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि टीम इस पर कड़ी मेहनत कर रही है और आगे बेहतर प्रदर्शन करेगी। मिलर ने बताया कि फील्डिंग सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि एटीट्यूड भी है। अगर खिलाड़ी मैदान पर पूरी ऊर्जा के साथ उतरें, तो नतीजे अपने आप बेहतर हो सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अब टीम के सामने बाकी बचे मुकाबले बहुत अहम हैं और उन्हें हर मैच में पूरी तैयारी के साथ उतरना होगा। मिलर ने टी20 क्रिकेट के बदलते अंदाज़ पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज के युवा खिलाड़ी बहुत निडर होकर खेल रहे हैं और तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा कि हर खिलाड़ी को अपनी ताकत को पहचानकर उसी के हिसाब से खेलना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी