'कुछ चीजें आपके लिए ही बनी होती हैं,' रहस्यमयी जश्न का राज पूछे जाने पर रोहित का दिलचस्प जवाब
गुवाहाटी, 30 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने 35वें वनडे शतक के बाद किए गए अनोखे जश्न को बेहद निजी बताया। उन्होंने खुलासा किया कि यह जश्न पूरी तरह से 'खुद के लिए' था।
रोहित ने 75 गेंदों पर शानदार 101 रन बनाए और वेस्टइंडीज के खिलाफ 406 रनों के ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा करने में भारत की मदद की। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर ओपनिंग विकेट के लिए 255 रनों की विशाल साझेदारी की, जिसमें गिल ने नाबाद 223 रन बनाए। शतक पूरा करने के बाद, रोहित ने सिंगल लेते समय घुटनों को ऊपर उठाकर दौड़ने जैसा सेलिब्रेशन किया और हल्के से अपना बल्ला ऊपर उठाया।
मैच के बाद रोहित ने कहा, "मैं उस जश्न को अपने तक ही सीमित रखता हूं। यह मेरे लिए है। यह मेरे लिए है। कुछ चीजें बस आपके अपने लिए होती हैं। उन्हें किसी के साथ साझा नहीं किया जाता। तो हां, वह मेरे लिए था।"
रोहित ने साथी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा के साथ भी हल्की-फुल्की बातचीत का जिक्र किया, जिन्होंने मैदान पर उस जश्न के बारे में उनसे पूछा था। उन्होंने कहा, "वह मुझसे पूछ रहे थे कि वह क्या था? मैंने कहा कि मैं तुम्हें ड्रेसिंग रूम में बताऊंगा। यह मेरे लिए है, लेकिन वह काफी नए-नए आइडिया दे रहे थे। वह चाहते थे कि मैं आकर स्लाइड करूं और कूदूं। वह चाहते थे कि मैं इसी तरह जश्न मनाऊं। मैंने कहा, 'यार, 50 ओवर फील्डिंग और लगभग 25-30 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद, मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाला था।'"
रिकॉर्ड-तोड़ लक्ष्य का पीछा करने के बारे में बात करते हुए, रोहित ने जोर दिया कि सबसे जरूरी बात यह थी कि 400 से ज्यादा रनों के स्कोरबोर्ड से घबराया न जाए और पूरी तरह से साझेदारियां बनाने पर ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि विकेट अच्छा था। हम बस बल्लेबाजी जारी रखना चाहते थे। सच कहूं तो, हम स्कोरबोर्ड के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे थे। हम बस गेंद की मेरिट के हिसाब से खेलने की कोशिश कर रहे थे और पार्टनरशिप बनाते जा रहे थे। मुझे लगता है कि जब आप ऐसे टारगेट का पीछा कर रहे हों, तो आपको बड़ी पार्टनरशिप बनानी होती है। हमने वही किया।"
रोहित ने ओपनिंग पार्टनर गिल की खूब तारीफ की, जो आखिर तक टिके रहे और भारत को आठ विकेट से शानदार जीत दिलाई। उन्होंने कहा, "गिल दूसरी तरफ शानदार खेल रहे थे। पूरी इनिंग के दौरान अपनी बैटिंग पर उनका पूरा कंट्रोल था, और आखिर तक नॉट आउट रहना भी देखने में बहुत अच्छा लगा।"
अत्याधिक उमस में 50 ओवर तक फील्डिंग करने के बाद लगभग 30 ओवर तक बैटिंग करने के लिए बहुत ज्यादा शारीरिक और मानसिक मजबूती की जरूरत थी। रोहित ने इसका श्रेय अपने जबरदस्त फोकस और वर्षों के अनुभव को देते हुए कहा, "फिर से कहूंगा, यह सब फोकस की बात है। आपको खुद को समझाते रहना होता है कि विकेट नहीं गंवाना है, क्योंकि यहां हालात मुश्किल हैं, लेकिन यहीं पर मैं इतने वर्षों के खेलने के अपने अनुभव का इस्तेमाल करना चाहता था।"
उन्होंने कहा, "आप इतनी आसानी से विकेट नहीं गंवाना चाहते; ज्यादा से ज्यादा देर तक गेम में बने रहने की कोशिश करते हैं। हमें पता था कि पिच अच्छी है और टॉप ऑर्डर से बड़े रनों की जरूरत है, और ठीक वैसा ही हुआ। टॉप ऑर्डर में हमारी बहुत अच्छी पार्टनरशिप हुई और उसी ने हमारे लिए गेम लगभग पक्का कर दिया। वहां लगभग 250 रनों की साझेदारी हुई। जैसा कि मैंने कहा, दूसरी तरफ गिल को खेलते देखना शानदार था और खुशी है कि हम जीत के साथ इसे खत्म कर सके।"
--आईएएनएस
आरएसजी