Kane Williamson: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी, SA20 में बने डरबन सुपर जायंट्स के हेड कोच
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन को क्रिकेट में नई जिम्मेदारी मिली है। डरबन सुपर जायंट्स ने उन्हें 2027 SA20 लीग के लिए टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। इस भूमिका में वह लांस क्लूजनर की जगह लेंगे, जो लीग के पहले सीजन यानी 2023 से ही फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए थे। विलियमसन ने इसी साल जुलाई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।
विलियमसन इससे पहले 2025 और 2026 के SA20 सीजन में डरबन सुपर जायंट्स की ओर से खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे थे। अब वह कोच की भूमिका में टीम की रणनीति और प्रदर्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए कुल 15 मुकाबले खेले। इस दौरान 13 पारियों में 34.30 की औसत और 119.51 के स्ट्राइक रेट से 343 रन बनाए। उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 60 रन रहा।
विलियमसन टीम के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी के साथ मिलकर काम करेंगे। कोचिंग स्टाफ में रयान कुक बल्लेबाजी कोच, भरत अरुण तेज गेंदबाजी कोच, कार्ल क्रो स्पिन गेंदबाजी कोच और कुशेन किशन फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
IPL में भी दिखा चुके हैं दम
केन विलियमसन ने 2014 से 2024 तक इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 79 मैचों की 77 पारियों में 35.46 की औसत और 125.61 के स्ट्राइक रेट से 2,128 रन बनाए। उनके नाम 18 अर्धशतक दर्ज हैं और आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 रन रहा। वह सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस की ओर से खेल चुके हैं। हैदराबाद की कप्तानी भी उन्होंने की थी।
शानदार रहा अंतरराष्ट्रीय करियर
विलियमसन का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 110 टेस्ट, 175 वनडे और 93 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले।
टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 195 पारियों में 54.06 की औसत से 9,515 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम 33 शतक और 38 अर्धशतक हैं। वनडे में उन्होंने 7,256 रन बनाए, जिसमें 15 शतक और 47 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, टी20 इंटरनेशनल में विलियमसन ने 2,575 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम 18 अर्धशतक दर्ज हैं।
अब खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद विलियमसन कोचिंग की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। डरबन सुपर जायंट्स के साथ उनकी यह भूमिका उनके क्रिकेट करियर का नया अध्याय होगी।