☰
×

जूनियर नेशनल बैडमिंटन: शायना ने 'गर्ल्स सिंगल्स' का खिताब रखा बरकरार, ज्ञान के नाम 'बॉयज सिंगल्स' का टाइटल

 

गंगटोक, 21 नवंबर (आईएएनएस)। 49वीं नेशनल जूनियर (अंडर-19) बैडमिंटन चैंपियनशिप में, शनिवार को कर्नाटक की टॉप सीड और मौजूदा चैंपियन शायना मणिमुथु ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने अपनी ही राज्य की लक्ष्या राजेश को हराकर 'गर्ल्स सिंगल्स' का खिताब बरकरार रखा। वहीं, 'बॉयज सिंगल्स' के फाइनल में तेलंगाना के दो खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में ज्ञान दत्तु टीटी ने अखिल रेड्डी बोब्बा को हराकर खिताब अपने नाम किया।

लक्ष्य राजेश के खिलाफ पूरे मैच में शायना का दबदबा रहा। उन्होंने फाइनल मुकाबला 15-10, 15-12 से जीता और पिछले साल इंफाल में जीता अपना खिताब बरकरार रखा।

बॉयज सिंगल्स के फाइनल में पहला गेम काफी कड़ा रहा, लेकिन एक बार जब ज्ञान दत्तु ने अखिल पर बढ़त बना ली, तो उसके बाद दूसरे गेम पर भी पूरा नियंत्रण कर लिया। उन्होंने 17-15, 15-11 से जीत दर्ज की, जिसमें आधा घंटे से भी कम समय लगा।

छत्तीसगढ़ के दिव्यांश अग्रवाल ने 'मिक्स्ड डबल्स' के फाइनल में शानदार जीत के साथ 'डबल क्राउन' (दो खिताब) जीतने की अपनी मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने तमिलनाडु की वर्णा प्रभुआनंद के साथ अमितब राज नटराज और सुहिना रॉय की जोड़ी को 15-12, 15-8 से शिकस्त दी।

हालांकि, दिव्यांश और अमरजीत सिंह ख्वैराकपम की जोड़ी, दूसरी सीड पुनीत एस और पवन एस को हराने में नाकाम रही। कर्नाटक की इस जुड़वां जोड़ी ने बॉयज डबल्स का फाइनल 16-14, 15-9 से जीत लिया।

टॉप सीड दिया भीमैया बी और बरुनी परशवाल की जोड़ी ने सातवीं सीड आन्या बिष्ट और एंजेल पुनेरा को 10-15, 15-12, 15-12 से मात देकर 'गर्ल्स डबल्स' का खिताब अपने नाम किया। दिन का यह एकमात्र ऐसा मैच था जो निर्णायक गेम तक पहुंचा।

शुक्रवार को, 45 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में शायना ने 2025 एशियन अंडर-17 गोल्ड मेडलिस्ट दीक्षा एसआर को 15-12, 15-17, 17-15 से मात दी। वहीं, सेमीफाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने राजस्थान की दूसरी वरीयता प्राप्त पारुल चौधरी को 15-10, 15-7 से हराकर उलटफेर किया।

'बॉयज सिंगल्स' सेमीफाइनल में, ज्ञान दत्तू ने रुद्र प्रताप सिंह राणा को 15-7, 15-6 से आसानी से मात दी। दूसरी तरफ, अखिल रेड्डी ने दूसरी वरीयता प्राप्त बोर्निल आकाश चांगमई को 15-13, 7-15, 15-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जिससे अब फाइनल मुकाबला पूरी तरह से तेलंगाना के खिलाड़ियों के बीच होगा।

छत्तीसगढ़ के दिव्यांशु अग्रवाल के पास 'डबल क्राउन' (दो खिताब) जीतने का मौका है, क्योंकि वह बॉयज डबल्स और मिक्स्ड डबल्स, दोनों के फाइनल में पहुंच गए हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी