×

जापान ओपन: सात्विक-चिराग की जोड़ी पहले राउंड के मैच से हटी, सिंधु ने दर्ज की आसान जीत

 

टोक्यो, 14 जुलाई (आईएएनएस)। कंधे की पुरानी चोट के कारण सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को अपने जोड़ीदार चिराग शेट्टी के साथ 'जापान ओपन' के अपने पहले राउंड के मैच से हटना पड़ा है। वहीं, दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने मंगलवार को विमेंस सिंगल्स के दूसरे राउंड में पहुंचकर शानदार शुरुआत की।

जून में इंडोनेशिया ओपन से हटने के बाद पहली बार मुकाबले में लौटी सात्विकसाईराज-चिराग की जोड़ी डेनमार्क के डेनियल और मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ अपना वापसी वाला मैच पूरा नहीं कर सकी। भारतीय जोड़ी कड़े मुकाबले वाला पहला गेम 19-21 से हार गई और फिर आगे न खेलने का फैसला किया, क्योंकि सात्विक कंधे की उसी चोट से फिर परेशान नजर आए, जिसके कारण यह जोड़ी पिछले एक महीने से बाहर थी।

इस ताजा झटके के कारण यह जोड़ी अगले हफ्ते होने वाले 'चाइना ओपन' से भी बाहर हो गई है, क्योंकि अब वे अगले महीने भारत में होने वाली 'बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप' के लिए खुद को तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं।

यह चोट ऐसे समय में लगी है, जब सात्विक और चिराग ने मई में 'सिंगापुर ओपन' का खिताब जीतकर बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टाइटल के लिए दो साल का इंतजार खत्म किया था, लेकिन इसके तुरंत बाद इंडोनेशिया में पहले राउंड के दौरान सात्विक के कंधे की समस्या बढ़ गई थी।

दूसरी तरफ, सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 21-14, 21-11 से मात दी। यह मुकाबला सिर्फ 35 मिनट तक चला। वर्ल्ड नंबर 10 खिलाड़ी ने शुरुआत से ही रैलियों पर अपना दबदबा बनाए रखा। पहले गेम के बीच में सिंधु ने अच्छी बढ़त बना ली और फिर आक्रामक स्मैश के साथ-साथ बेहतरीन नेट प्ले का इस्तेमाल करते हुए एक गेम से आगे हो गईं। कोर्ट बदलने के बाद भी उन्होंने वही तेवर बनाए रखा, दूसरे गेम में इंटरवल तक 11-3 की बढ़त हासिल कर ली और अपनी प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया।

इस जीत के साथ सिंधु का वोंग के खिलाफ अजेय रिकॉर्ड 3-0 हो गया और उन्होंने बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 इवेंट के दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत को मिक्स्ड डबल्स ड्रॉ में भी सफलता मिली, जब ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

हालांकि, रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे पहले ही दौर में टॉप-सीडेड चीनी जोड़ी फेंग यानझे और हुआंग डोंगपिंग से 11-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गए।

भारत का अभियान बुधवार को जारी रहेगा, जिसमें लक्ष्य सेन और उन्नति हुड्डा अपने सिंगल्स अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन का मुकाबला मेंस डबल्स के पहले दौर में चीनी ताइपे के ली जे-हुई और यांग पो-ह्सुआन से होगा।

--आईएएनएस

आरएसजी