×

टीम में नहीं हुआ सिलेक्शन तो 17 वर्षीय क्रिकेटर ने कर ली खुदखुशी, सुसाइड नोट मिलने पर जांच में जुटी पुलिस 

 

महाराष्ट्र के नागपुर से एक दुखद घटना सामने आई है। रीजनल क्रिकेट एसोसिएशन की टीम में चुने न जाने से निराश होकर 17 साल की एक लड़की ने आत्महत्या कर ली। वह लंबे समय से खेल और ट्रेनिंग कर रही थी। टीम में जगह न मिलने से वह निराश हो गई थी और कथित तौर पर गहरे मानसिक तनाव में चली गई थी। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने अपनी परेशानियों के बारे में लिखा है।

आत्महत्या करने वाली लड़की की पहचान अदिति मोरेश्वर चौकांडे के तौर पर हुई है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, वह पिछले दो सालों से कड़ी ट्रेनिंग कर रही थी, लेकिन विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम में जगह न मिल पाने के कारण निराश हो गई थी। कहा जा रहा है कि वह गंभीर मानसिक तनाव में चली गई थी। बजाज नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पता चला है कि पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसे आ रही दिक्कतों और निराशा के कारणों का ज़िक्र है।

पुलिस ने बताया कि अदिति मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली थी। वह पिछले दो सालों से नागपुर में रह रही थी और सर्वे क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग ले रही थी। उसका भाई भी क्रिकेट खेलता है। अदिति प्रोफेशनल क्रिकेटर बनना चाहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आत्महत्या की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बजाज नगर पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर चेतन चौहान के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि आत्महत्या के असली कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।