आईएसएल 2025-26: पेप मुनोज बने बेंगलुरु एफसी के नए हेड कोच
बेंगलुरु, 26 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2018-19 की चैंपियन बेंगलुरु एफसी ने स्पेन के पेप मुनोज को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। बेंगलुरु एफसी के साथ मुनोज का कॉन्ट्रैक्ट 2026-27 सीजन के आखिर तक रहेगा।
मुनोज के पास कोचिंग का बहुत अच्छा अनुभव है। उन्होंने इससे पहले एफसी बार्सिलोना के यूथ सेटअप में बार्का अंडर-19 और बार्सिलोना बी के साथ काम किया है। इसके साथ ही वह चाइना फुटबॉल टीम के साथ काम करने के अलावा, चीन में किंगदाओ हुआंगहाई और शेडोंग लुनेंग के साथ भी रह चुके हैं।
हेड कोच के तौर पर उन्हें पहला बड़ा मौका कंबोडिया के क्लब प्रीह खान रीच स्वे रींग के साथ मिला था, जहां उन्होंने शानदार काम किया। उनकी अगुवाई में टीम ने दो बार लीग और एक बार घरेलू कप जीता, साथ ही एएफसी चैलेंज लीग के फाइनल तक पहुंची। मुनोज के साथ फेरान बोरास भी होंगे, जो बीएफसी के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं।
क्लब की तरफ से जारी एक बयान में मुनोज ने कहा, "बेंगलुरु एफसी में शामिल होने का फैसला मेरे लिए आसान था। यह इंडियन फुटबॉल में एक मॉडल क्लब है, जिनका नजरिया साफ है। इसके साथ ही मैंने भारत में रहे अपने साथी स्पेनिश खिलाड़ियों से यहां के क्लब, शहर और समर्थकों के बारे में अच्छी बातें ही सुनी हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं टीम में शामिल होने के लिए बहुत उत्साहित हूं, क्योंकि यही वह जगह है जहां मैं रहना चाहता हूं। हम सभी जानते हैं कि यह सीजन अलग है, लेकिन टीम हर हफ्ते बेहतर हो रही है और अब मेरा काम खिलाड़ियों को उस तरक्की को जारी रखने में मदद करना है। मैं मैदान पर एक सक्रिय, महत्वाकांक्षी और आत्मविश्वास से भरी टीम देखना चाहूंगा, जिसे इस बात का साफ आइडिया हो कि हम कैसे अटैक करना चाहते हैं और अपनी विपक्षी टीम पर दबाव बनाना चाहते हैं। यह हमारे लिए एक रोमांचक चैलेंज है। अब फोकस हर दिन कड़ी मेहनत करने पर है और हम सब मिलकर बेंगलुरु और उसके समर्थकों को सबसे अच्छे तरीके से रिप्रेजेंट करने के लिए अपना सब कुछ देंगे।"
बेंगलुरु एफसी के मालिक पार्थ जिंदल ने क्लब की तरफ से जारी एक बयान में कहा, "हमें पेप मुनोज का बेंगलुरु एफसी परिवार में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। उनके साथ हमारी बातचीत से यह साफ था कि वह समझते हैं कि यह क्लब किस चीज के लिए जाना जाता है – कड़ी मेहनत, विनम्रता और हमारे समर्थकों के साथ गहरा रिश्ता – और हमें विश्वास है कि वह हमारी यात्रा के अगले पड़ाव में हमें गाइड करने के लिए सही व्यक्ति हैं।" बेंगलुरु एफसी अभी आईएसएल 2025-26 की प्वाइंट्स टेबल में छह मुकाबलों में 11 प्वाइंट्स के साथ 5वें नंबर पर मौजूद है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी