'कोचिंग स्टाफ में नहीं करना चाहते शामिल', आयरलैंड से सीरीज गंवाने के बाद आइसलैंड क्रिकेट ने उड़ाया कोच गंभीर का मजाक
नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। भारतीय टीम को रविवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में एक रन से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ही आयरलैंड ने भारत के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज को अपने नाम किया।
टीम इंडिया के सीरीज गंवाने के बाद आइसलैंड क्रिकेट ने हेड कोच गौतम गंभीर का मजाक उड़ाया है। आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हम कन्फर्म कर सकते हैं कि हम गौतम गंभीर को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल नहीं करना चाहते। हालांकि, उनमें साफ तौर पर टैलेंट है। उन भारतीय खिलाड़ियों को लेकर आयरलैंड में ऐसे नतीजे देना वाकई कमाल का टैलेंट है।"
भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार दूसरे टी20 मुकाबले में बेहद निराशाजनक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 154 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की ओर से हैरी टेक्टर ने 47 गेंदों में 53 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, बेंजामिन कैलिट्ज ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने डेब्यू मुकाबले में महज 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए, बल्कि शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट झटके।
हालांकि, 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 9 विकेट गंवाकर 153 रन ही बना सकी। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वहीं, ईशान किशन (12 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (10 रन) भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। अक्षर पटेल 18 गेंदों का सामना करने के बाद 14 रन ही बना सके। वहीं, शिवम दुबे 20 रन बनाकर मैथ्यू जेम्स हम्फ्रीज का शिकार बने। सूर्यांश शेडगे एक रन ही बना सके। तिलक वर्मा ने एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 55 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। हर्षित राणा ने अंतिम ओवरों में 10 गेंदों में 21 रन बनाए और भारतीय टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन टीम लक्ष्य से एक रन दूर रह गई। इससे पहले, पहले टी20 में आयरलैंड ने भारत को 34 रनों से हराया था।
--आईएएनएस
एसएम/एएस