ईरानी कप: जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रेस्ट ऑफ इंडिया 237 रन पर ढेर, पहले दिन गिरे कुल 12 विकेट
श्रीनगर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर ने शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जारी मुकाबले के शुरुआती दिन रेस्ट ऑफ इंडिया को 237 रन पर समेटने के बाद अपनी पहली पारी में सिर्फ 21 रन तक 2 विकेट गंवा दिए।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी रेस्ट ऑफ इंडिया पहली पारी में सिर्फ 68.1 ओवरों का सामना कर सकी। इस टीम ने महज 8 के स्कोर पर सनत सांगवान (1) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद शिखर मोहन ने सुदीप घरामी के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन जुटाए।
सुदीप (8) के रूप में टीम को दूसरा झटका लगा। यहां से शिखर मोहन ने सरफराज खान (45) के साथ मोर्चा संभाला। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 133 गेंदों में 76 रन जुटाए। शिखर 9 चौकों और 1 छक्के के साथ 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत मैदान पर उतरे, जिन्होंने टीम के खाते में महज 10 रन का योगदान दिया। रेस्ट ऑफ इंडिया को 133 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद स्मरण रविचंद्रन ने मोर्चा संभाला।
रविचंद्रन ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया। इस बीच आकाश दीप के साथ आठवें विकेट के लिए 39 रन, जबकि मुकेश चौधरी के साथ नौवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। स्मरण रविचंद्रन ने 9 बाउंड्री के साथ 68 रन बनाए, जबकि आकाश दीप 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विपक्षी खेमे से सुनील कुमार और नासिर मुजफ्फर को 3-3 विकेट हाथ लगे, जबकि उमर नाजिर मीर ने 2 विकेट चटकाए। इनके अलावा, आबिद मुश्ताक और साहिल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन की समाप्ति तक 7 ओवरों का सामना किया, जिसमें 2 विकेट गंवाकर 21 रन बनाए। टीम को 16 के स्कोर पर शुभम पुंडीर (1) के रूप में शुरुआती झटका लगा, जिसके बाद 21 के स्कोर पर उमर मीर (4) भी पवेलियन लौट गए। दिन की समाप्ति तक मुकेश चौधरी और आकाश दीप ने 1-1 विकेट अपने नाम कर लिया है।
--आईएएनएस
आरएसजी