×

आईपीएल 2026: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, अभिषेक शर्मा का तोड़ा रिकॉर्ड

 

जयपुर, 9 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ हो रही है। सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर इतिहास रच दिया है।

वैभव आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले के अंदर (शुरुआती छह ओवर) सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव आईपीएल 2026 में पावरप्ले में खेलते हुए अब तक 30 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अभिषेक ने साल 2024 में पावरप्ले में 29 छक्के लगाए थे।

आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में भी वैभव अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक 40 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 2024 में 42 छक्के लगाए थे।

वैभव 16 गेंदों में 225 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और तीन छक्के लगाए। हालांकि, रियान पराग की गैरमौजूदगी में इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 3 रन बनाकर आउट हुए।

इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 229 रन लगाए, जो इस लीग में टीम का चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। जीटी की ओर से साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। सुदर्शन ने 36 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 84 रनों का योगदान दिया। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने अंत के ओवरों में 20 गेंदों में 37 रनों की नाबाद पारी खेली। राहुल तेवतिया 4 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। सुंदर-तेवतिया ने 11 गेंदों में 24 रनों की अटूट साझेदारी की।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी