आईपीएल 2026: एसआरएच-पंजाब किंग्स मैच में अभिषेक और अर्शदीप के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
न्यू चंडीगढ़, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एक रोमांचक और जोरदार मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में पंजाब किंग्स अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ उतरेगी, तो एसआरएच जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी।
पंजाब किंग्स और एसआरएच के बीच होने वाले मुकाबले में अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी। पंजाब की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले दोनों खिलाड़ी आईपीएल में प्रतिद्वंदी हैं। अभिषेक शर्मा जहां एसआरएच की तरफ से बल्लेबाजी की शुरुआत करते हैं, तो अर्शदीप पंजाब किंग्स की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत करते हैं।
एसआरएच और पंजाब किंग्स के बीच अब तक हुए मैचों में, दोनों टीमों में शामिल मौजूदा खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन और विकेट अभिषेक और अर्शदीप के नाम हैं। अभिषेक शर्मा ने 7 मैचों में 52.33 की औसत और 196.25 की स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए हैं। सर्वाधिक स्कोर 141 है। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 11 मैचों में 15 विकेट लिए हैं।
यही वजह है कि पंजाब किंग्स और एसआरएच के बीच होने वाले मैच में अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन पर दोनों टीमों के फैंस की नजर रहेगी। दोनों ही खिलाड़ी अकेले दम अपनी टीम को मैच जिताने में सक्षम हैं।
एसआरएच और पंजाब किंग्स के बीच अब तक हुए मैचों में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है। एसआरएच की तरफ से खेलते हुए वॉर्नर ने 14 मैचों में उन्होंने 700 रन बनाए थे। वहीं एसआरएच की तरफ से ही खेलते हुए भुवनेश्वर कुमार ने 18 मैचों में 26 विकेट लिए हैं।
मौजूदा समय में डेविड वॉर्नर आईपीएल का हिस्सा नहीं हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार आरसीबी के लिए खेल रहे हैं।
एसआरएच का पलड़ा पंजाब किंग्स पर भारी रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच 24 मैच खेले गए हैं, जिसमें एसआरएच ने 17 और पंजाब ने 7 मैच जीते हैं।
--आईएएनएस
पीएके