×

आईपीएल 2026: सैमसन का दमदार शतक, एमआई के खिलाफ सीएसके ने 6 विकेट खोकर बनाए 207 रन

 

मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का खराब प्रदर्शन इसी मुकाबले में भी जारी रहा। ऋतुराज 14 गेंदों का सामना करने के बाद 22 रन बनाकर आउट हुए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे सरफराज खान भी 8 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मिचेल सैंटनर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। शिवम दुबे भी 5 रन ही बना सके।

डेवाल्ड ब्रेविस ने आगाज दमदार किया, लेकिन वह 11 गेंदों में 1 चौका और 2 छक्कों की मदद से 21 रन बनाने के बाद अश्वनी कुमार का शिकार बने। कार्तिक शर्मा 19 गेंदों का सामना करने के बाद 18 रन ही बना पाए। जेमी ओवरटन 7 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद आउट हुए। हालांकि, संजू सैमसन ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का अपना दूसरा शतक लगाया।

संजू ने 54 गेंदों का सामना करते हुए 101 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। गेंदबाजी में एमआई की ओर से अल्लाह गजनफर और अश्वनी कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और सैंटनर ने एक-एक विकेट निकाला। इस मुकाबले के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। मैथ्यू शॉर्ट की जगह पर प्रशांत वीर को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। हालांकि, मुंबई इंडियंस बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतरी है।

चेन्नई सुपर किंग्स ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में इस मुकाबले में संजू सैमसन (विकेटकीपर), सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी के साथ मैदान पर उतरी है।

हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई इंडियंस इस मुकाबले में क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, जसप्रीत बुमराह, कृष भगत, एएम गजनफर और अश्वनी कुमार के साथ खेल रही है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी