×

आईपीएल 2026: रसिख-भुवी ने मिलकर निकाले 7 विकेट, एलएसजी महज 146 रन पर ऑलआउट

 

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ जीत के लिए 147 रन का टारगेट रखा है। आरसीबी की कोशिश इस मैच को अपने नाम करते हुए प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करना है।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स पारी की अंतिम गेंद पर 146 रन पर सिमट गई। इस टीम को एडेन मार्करम और मिचेल मार्श की जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4 ओवरों में 32 रन जुटाए।

मार्करम 8 गेंदों में 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, लेकिन अपनी पारी की तीसरी ही गेंद पर यह बल्लेबाज चोटिल हो गया, जिसके बाद रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा। इस बीच मार्श 32 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हो गए।

इस टीम ने 118 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान पंत एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, लेकिन अगले ही ओवर (16.5) में भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें अपना शिकार बना दिया। पंत ने इस पारी में कुल 6 गेंदों का सामना किया, जिसमें महज 1 रन ही बना सके। 19वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर भुवी ने जॉर्ज लिंडे (7) और मोहम्मद शमी (0) को अपना शिकार बनाया, लेकिन हैट्रिक से चूक गए।

आरसीबी की तरफ से इस पारी में आयुष बडोनी ने 24 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 38 रन बनाए, जबकि मुकुल चौधरी ने 28 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 39 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से रसिख सलाम डार ने 24 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट निकाले। क्रुणाल पंड्या ने 2 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट अपने नाम किया।

ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव के साथ मैदान पर उतरी है।

वहीं, रजत पाटीदार की कप्तानी में फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी