आईपीएल 2026: प्वाइंट्स टेबल में स्थिति सुधारना सीएसके का लक्ष्य, होम ग्राउंड पर जीटी से भिड़ंत
चेन्नई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पांच बार की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) रविवार को आईपीएल 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस (जीटी) का सामना करेगी। आईपीएल 2026 का 37वां मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है।
टूर्नामेंट अब अपने आधे पड़ाव पर पहुंच चुका है। प्वाइंट्स टेबल पर दोनों टीमें एक जैसी स्थिति में हैं। दोनों ने अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में तीन-तीन जीत और चार-चार हार का सामना किया है। सीएसके फिलहाल पांचवें पायदान पर मौजूद है, जबकि जीटी सातवें स्थान पर है।
इस मैच में जीत किसी भी टीम के लिए बहुत अहम साबित हो सकती है, क्योंकि इससे उन्हें लय हासिल करने और प्वाइंट्स टेबल में ऊपर चढ़ने में मदद मिलेगी।
चेन्नई सुपर किंग्स वानखेड़े स्टेडियम में अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस पर 103 रनों की शानदार जीत के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतर रही है। कुछ समय बाहर खेलने के बाद घरेलू मैदान पर लौट रही सीएसके अपनी हालिया सफलताओं को आगे बढ़ाना चाहेगी। चोटों की वजह से मिली असफलताओं से निपटने में उन्होंने काफी जुझारूपन दिखाया है और एक संतुलित टीम बनाने में कामयाब रहे हैं। इस सीजन चेपॉक में उनका प्रदर्शन भी काफी उत्साहजनक रहा है, जहां उन्होंने तीन में से दो मैच जीते हैं।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस लगातार दो हार के बाद इस मैच में आ रही है। पहले उन्हें मुंबई इंडियंस के हाथों 99 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा, और उसके बाद साई सुदर्शन के शानदार शतक के बावजूद उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों पांच विकेट से हार मिली। ये शिकस्त तब मिलीं, जब टीम लगातार तीन मैच जीतकर अपनी लय हासिल कर चुकी थी।
जैसे-जैसे टीम की लय बिगड़ रही है और मैच तेजी से एक के बाद एक आ रहे हैं। गुजरात टाइटंस जल्द से जल्द वापसी करने के लिए बेताब होगी। जहां एक ओर उनकी गेंदबाजी इकाई इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत इकाइयों में से एक है, वहीं मिडिल ऑर्डर को लेकर चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर उन्हें ध्यान देने की जरूरत है।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन, अकील होसेन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैक फॉल्क्स, आकाश मधवाल।
गुजरात टाइटंस की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, अरशद खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, गुरनूर बराड़, एम शाहरुख खान।
--आईएएनएस
आरएसजी