आईपीएल 2026: केकेआर की ताकत बढ़ी, मथीशा पथिराना को मिली एनओसी, जल्द टीम से जुड़ेंगे
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में निराशाजनक दौर से गुजर रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए अच्छी खबर है। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने श्रीलंका क्रिकेट का जरूरी फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। उन्हें केकेआर से जुड़ने के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) मिल गयी है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक पाथिराना की चोट ठीक हो गई है। वह 17 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए केकेआर टीम से जुड़ेंगे। हालांकि, वह 19 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध होंगे।
आईपीएल 2026 में शुरुआती 4 में से 3 मैच गंवाकर केकेआर मुश्किल में है। केकेआर की मुख्य समस्या गेंदबाजी ही रही है। मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के आदेश के बाद टीम ने रिलीज कर दिया था। हर्षित राणा और आकाश दीप इंजरी की वजह से बाहर हो गए। वरुण चक्रवर्ती खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं।
केकेआर मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने पहले गेम में 220 रन का बचाव नहीं कर सकी। एलएसजी के खिलाफ भी टीम कमजोर गेंदबाजी की वजह से ही हारी।
ऐसे में पाथिराना के जुड़ने से गेंदबाजी मजबूत होगी और टीम की ताकत बढ़ेगी। पाथिराना शुरुआती और डेथ ओवरों में बेहद खतरनाक माने जाते हैं। वह क्या कर सकते हैं, वो अपनी पुरानी टीम सीएसके में रहते हुए साबित कर चुके हैं।
मथीशा पथिराना 2022 से 2025 तक आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा रहे थे। 2026 के लिए हुई नीलामी से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था। मिनी ऑक्शन में केकेआर ने पथिराना को 18 करोड़ में खरीदा था। पथिराना टी20 विश्व कप के दौरान इंजर्ड हो गए थे। उनकी पिंडली में खिंचाव आ गया था। इसलिए लीग के शुरुआती कुछ मैचों से उनका बाहर होना तय था।
पथिराना ने 32 आईपीएल मैचों में 47 विकेट लिए हैं।
--आईएएनएस
पीएके