आईपीएल 2026: जेमी ओवरटन बने गेंद से सीएसके की जीत के नायक, 18 रन देकर चटकाए 4 विकेट
चेन्नई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 23 रनों से हराया। सीएसके की इस जीत के नायक गेंद से जेमी ओवरटन रहे। उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
जेमी ओवरटन चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए एक मुकाबले में 4 विकेट लेने वाले महज तीसरे गेंदबाज बने हैं। ओवरटन से पहले यह कारनामा सिर्फ इमरान ताहिर और शादाब जकाती ही कर सके हैं। ओवरटन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए समीर रिजवी, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और आकिब नबी का बड़ा विकेट निकाला। ओवरटन के साथ-साथ अंशुल कंबोज ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 35 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
सीएसके से मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम 189 रन बनाकर सिमट गई। दिल्ली को केएल राहुल और पाथुम निसांका ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। हालांकि, केएल राहुल अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निसांका 24 गेंदों में 41 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। समीर रिजवी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और महज 6 रन बनाकर जेमी ओवरटन का शिकार बने। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। अंत के ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन वह टीम की हार को नहीं टाल सके।
इससे पहले, संजू सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। संजू ने 56 गेंदों में 15 चौके और 4 छक्के लगाए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 18 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। आयुष म्हात्रे 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। आयुष ने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। शिवम दुबे ने 10 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी