आईपीएल 2026: जीटी के लिए बेहद अहम साबित हो रहे हैं जेसन होल्डर, सहायक कोच पार्थिव पटेल ने की प्रशंसा
नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 की अंकतालिका में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। जीटी ने शनिवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मैच में 77 रन से जीत हासिल कर अपना नेट रन रेट बेहतर करते हुए दूसरे स्थान पर पहुंची है। जीटी ने पिछले 4 मैच लगातार जीतते हुए दूसरे स्थान पर जगह बनाई है। इसमें ऑलराउंडर जेसन होल्डर का अहम योगदान रहा है।
जेसन होल्डर को जब से जीटी की प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है, टीम की ताकत बढ़ गई है। जीटी लगातार मैच जीत रही है। होल्डर गेंदबाजी और बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए जीटी की सफलता में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। जीटी के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने भी इस बात को माना है।
पार्थिव ने जियो हॉटस्टार को बताया, "जब हम नीलामी के लिए योजना तैयार कर रहे थे, उसी समय हमने जेसन होल्डर को लेने का पक्का इरादा बना लिया था। होल्डर ने पिछले 12 से 18 महीनों में दुनिया भर में टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। वह एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता भी है।"
पार्थिव ने कहा कि हमने ग्लेन फिलिप्स को उनकी अच्छी फॉर्म की वजह से शुरुआती मैचों में मौका दिया, लेकिन पिछले कुछ मैचों में होल्डर का शामिल होना टीम के लिए बहुत अहम साबित हुआ है। हमने सही समय पर होल्डर को टीम में शामिल किया है और इससे चीजें हमारे पक्ष में बदली हैं।
आरआर के खिलाफ जीत में होल्डर ने गेंद से अहम भूमिका निभाई और 2.3 ओवर में मात्र 12 रन देकर 3 विकेट लिया। सीजन में होल्डर ने अब तक 5 मैचों की 4 पारियों में 47 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 34 गेंदें खेली हैं। वहीं इतने ही मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। गेंदबाजी और बल्लेबाजी के अलावा फील्डर के तौर पर भी होल्डर शानदार रहे हैं। होल्डर के टीम में शामिल होने से टीम की मध्य ओवरों की गेंदबाजी और निचले क्रम की बल्लेबाजी मजबूत हो गई है।
--आईएएनएस
पीएके