आईपीएल 2026: दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह ने की डीसी-एमआई के खिलाड़ियों संग खास मुलाकात
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह ने शुक्रवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाड़ियों संग खास मुलाकात की। उन्होंने आईपीएल 2026 में डीसी की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ शनिवार को होने वाले मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों संग हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "आज अरुण जेटली स्टेडियम का दौरा किया और कल होने वाले दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल के बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले खिलाड़ियों से बातचीत की। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल और उनकी टीम से मिलकर मैंने उन्हें खेल भावना से भरे और दमदार प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं, क्योंकि वे इस सीजन का अपना दूसरा मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलने वाले हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "इसके अलावा, मुंबई इंडियंस टीम के रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव से भी बातचीत की। ऐसी विश्व-स्तरीय प्रतिभा और अनुभव को भारतीय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ रूप का प्रतिनिधित्व करते देखना हमेशा ही उत्साहजनक होता है। मुकाबले से परे, खेल एकता और राष्ट्रीय गौरव की साझा भावना को बढ़ावा देने का एक शक्तिशाली माध्यम बना हुआ है। कामना है कि यह मैच सच्ची खेल भावना का उत्सव बने और राष्ट्रीय राजधानी में सभी प्रशंसकों के लिए एक रोमांचक अनुभव साबित हो।"
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 का आगाज जीत के साथ किया है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में डीसी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की पूरी टीम 141 रन बनाकर ढेर हो गई थी। दिल्ली ने 142 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 4 विकेट खोकर 17.1 ओवर में हासिल कर लिया था। टीम की ओर से समीर रिजवी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 70 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस इनिंग में 5 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया था।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी