×

आईपीएल 2026: चक्रवर्ती-नरेन की शानदार गेंदबाजी, ट्रेविस की फिफ्टी के साथ एसआरएच ने बनाए 165 रन

 

हैदराबाद, 3 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 45वें मैच में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ जीत के लिए 166 रन का टारगेट रखा है। एसआरएच की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करने की होगी।

रविवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 19 ओवरों में 165 रन पर सिमट गई। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की।

अभिषेक 10 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 1 चौका शामिल रहा। इसके बाद ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।

ट्रेविस हेड 28 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस टीम ने 9वें ओवर की समाप्ति तक 105 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे।

इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर पर बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। टीम को ईशान के रूप में 148 के स्कोर पर सातवां झटका लगा, जो 29 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद टीम जैसे-तैसे 165 के स्कोर तक पहुंच सकी।

कोलकात नाइट राइडर्स की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट निकाले। वैभव अरोड़ा, कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

सनराइजर्स हैदराबाद 9 में से 6 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर मौजूद है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने 8 में से 5 मुकाबले गंवा दिए हैं, जबकि 1 मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। यह टीम 5 अंकों के साथ अंकतालिका में 8वें स्थान पर है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती के साथ मैदान पर उतरी है।

दूसरी तरफ, पैट कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा के साथ यह मैच खेल रही है।

--आईएएनएस

आरएसजी