×

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की 19-0 की महाजीत, सेमीफाइनल में पहुंची महिला हॉकी टीम

 

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने गुरुवार को जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान की टीम पूरे मुकाबले में एक भी गोल नहीं कर सकी।

यह जूनियर महिला हॉकी में भारत की सबसे बड़ी जीतों में से एक रही। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में भारत ने 10 गोल दागे, जबकि दूसरे हाफ में 9 गोल किए।

पूजा मलिक ने लगाई हैट्रिक

भारत की ओर से पूजा मलिक सबसे ज्यादा प्रभावी रहीं। उन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए। वहीं रोशनी ऐंद ने भी दो गोल दागे।

भारत ने पहले क्वार्टर में ही पांच गोल करके मैच पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। पूजा साहू ने 7वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद ने 9वें, तनुश्री दिनेश कडू ने 11वें, सुखवीर कौर ने 13वें और सानिका माने ने भी 13वें मिनट में गोल किया।

दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए। इस तरह हाफ टाइम तक भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 10-0 की बढ़त बना ली थी।

दूसरे हाफ में भी जारी रहा गोलों का सिलसिला

तीसरे क्वार्टर में पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने भारत के लिए गोल किए। आखिरी क्वार्टर में कृष्णा शर्मा, पूजा मलिक, सुप्रिया, बिनीमा धन और रोशनी ऐंद ने गोल दागे।

पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद रोशनी ऐंद ने 60वें मिनट में भारत का 19वां और मुकाबले का आखिरी गोल किया।

भारत को मिले 18 पेनल्टी कॉर्नर

मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा इस बात से भी समझा जा सकता है कि उसे कुल 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। वहीं पाकिस्तान को पूरे मैच में न तो कोई गोल मिला और न ही पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक।

ग्रुप स्टेज में भी अजेय रहा भारत

क्वार्टर फाइनल से पहले भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। भारत ने ग्रुप स्टेज में जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था। वहीं चीन के खिलाफ उसका मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।

अब भारत की नजरें सेमीफाइनल पर हैं। भारतीय टीम का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। सेमीफाइनल मुकाबला 12 सितंबर को खेला जाएगा।

भारत-पाकिस्तान की जूनियर महिला टीमों की पहली भिड़ंत

गुरुवार का मुकाबला भारत और पाकिस्तान की जूनियर महिला हॉकी टीमों के बीच पहली भिड़ंत भी थी। इससे पहले जूनियर एशिया कप के 2023 और 2024 संस्करणों में भारतीय टीम चैंपियन रह चुकी है। वहीं 2021 का टूर्नामेंट कोविड-19 महामारी के कारण रद्द कर दिया गया था।

19 गोल की इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है और अब उसकी नजर लगातार तीसरे खिताब की ओर बढ़ने पर है।