IND vs NZ Live Update: दूसरे वनडे पर बारिश का साया, वेलिंगटन में पूरे दिन छाए रहेंगे बादल; जानें कब बिगड़ेगा मौसम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले पर बारिश का असर देखने को मिल रहा है। भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे मैच शुरू होना था, लेकिन वेलिंगटन में लगातार बारिश के कारण टॉस भी तय समय पर नहीं हो सका। इससे क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ गई है। मैच से एक दिन पहले भी शहर में बारिश हुई थी।
न्यूजीलैंड की टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बराबरी करना चाहेगी, लेकिन मौसम उसकी राह में बाधा बन सकता है। पूरे दिन बारिश की आशंका के चलते मैच के 50 ओवर तक चलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
वेलिंगटन में कैसा रहेगा घंटे-दर-घंटे मौसम?
न्यूजीलैंड के स्थानीय समय के मुताबिक मुकाबला दोपहर 3 बजे शुरू होना था। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। शाम 4 और 5 बजे बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की आशंका है। इसके बाद भी मौसम साफ होने की संभावना कम है।
रात 8 से 9 बजे के बीच तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में मुकाबले के दौरान बार-बार रुकावट आने की आशंका बनी हुई है। लगातार खराब मौसम के कारण मैच रद्द होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
किस समय कितनी बारिश की संभावना?
वेलिंगटन के स्थानीय समय के अनुसार, मैच शुरू होने के समय यानी दोपहर 3 बजे बारिश की संभावना करीब 45 प्रतिशत जताई गई थी। शाम 4 और 5 बजे यह अनुमान लगभग 15 प्रतिशत है। इसके बाद भी रात 12 बजे तक बारिश की आशंका कम से कम 10 प्रतिशत बनी रहने का अनुमान है।
मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए खिलाड़ियों और दर्शकों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ सकता है। अब मुकाबले का भविष्य काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि बारिश कब रुकती है और मैदान खेलने के लिए कितनी जल्दी तैयार हो पाता है।