IND vs NZ 2nd T20: ईशान किशन बाहर, वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका; भारत की नजर 200वीं जीत पर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला आज क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। मैच दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम पहले मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 से आगे है। टीम की कोशिश दूसरा मैच जीतकर बढ़त मजबूत करने की होगी। इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका मिलने की संभावना है, क्योंकि चोट के कारण विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस मैच से बाहर हो गए हैं।
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पोजिशन पर नजर
ईशान किशन की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम के सामने ओपनिंग और तीसरे नंबर के बल्लेबाज को लेकर विकल्प चुनने की चुनौती होगी। वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत करेंगे या तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।
एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी को एक साथ खिलाया था। उस समय सूर्यवंशी ने ओपनिंग की थी, जबकि सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। हालांकि, पिछले मैच में सैमसन ने सलामी बल्लेबाज के रूप में 33 गेंदों पर 67 रन की शानदार पारी खेली थी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट सूर्यवंशी को तीसरे नंबर पर भी आजमा सकता है।
भारत के पास इतिहास रचने का मौका
यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए रिकॉर्ड के लिहाज से भी अहम है। भारत अपना 300वां टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलेगा। इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली वह दुनिया की दूसरी टीम बनेगी। पाकिस्तान अब तक 304 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलकर इस सूची में पहले स्थान पर है।
इसके अलावा, भारतीय टीम के पास टी-20 इंटरनेशनल में 200 जीत पूरी करने वाली पहली टीम बनने का अवसर भी है। इसके लिए उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा मुकाबला जीतना होगा।
अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह पर रहेंगी निगाहें
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस साल टी-20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह 2026 में अब तक 35 मैचों में 985 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 202.67 रहा है। साल में 1,000 रन पूरे करने के लिए उन्हें केवल 15 रन की जरूरत है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में भी उन्होंने 12 गेंदों पर 29 रन बनाए थे।
गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। उन्होंने इस साल 28 मैचों में 36 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, भुवनेश्वर कुमार भी शुरुआती ओवरों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।
टिम सइफर्ट और मिचेल सैंटनर न्यूजीलैंड के अहम खिलाड़ी
न्यूजीलैंड की ओर से टिम सइफर्ट ने 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 14 मैचों में 453 रन जुटाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 164.13 रहा है। वह भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं।
गेंदबाजी में कप्तान मिचेल सैंटनर अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इस साल 17 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। उनकी इकोनॉमी 7.89 रही है। पहले मुकाबले में भी उन्होंने दो विकेट हासिल किए थे।
हेगले ओवल की पिच और मौसम का हाल
हेगले ओवल में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में 450 से अधिक रन बने थे। यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल रहने पर बल्लेबाज बड़े स्कोर बना सकते हैं। मौसम ठंडा रहने की संभावना है। ओस का असर पड़ने पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।
ईशान किशन की जगह कुमार कुशाग्र को मौका
ईशान किशन को पहले टी-20 मुकाबले के दौरान दाईं ओर की एडडक्टर मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी। इसी वजह से वह दूसरे मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह झारखंड के बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। फिलहाल ईशान की चोट से उबरने में लगने वाले समय को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और मयंक यादव।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, एडम मिल्ने और लॉकी फर्ग्यूसन।